मुख्यपृष्ठनए समाचारमीरा-भायंदर मनपा बवाल में नया मोड़

मीरा-भायंदर मनपा बवाल में नया मोड़

-अतिरिक्त आयुक्त ने पुलिस से की निष्पक्ष जांच की मांग
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा-भायंदर महानगरपालिका की महासभा के दौरान दर्शक गैलरी में हुए विवाद और सुरक्षाकर्मियों के साथ की गई धक्कामुक्की के मामले में अब एक नया मोड़ आया है। इस पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मनपा के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. सचिन बांगर ने सीधे भायंदर-पश्चिम पुलिस से संपर्क साधा है। मामले में कड़ी कार्रवाई के लिए कांग्रेस, शिव सेना, कांग्रेस और मनसे के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अलावा सामाजिक संघटनों सहित १२ से अधिक लिखित निवेदन प्राप्त हुए है। डॉ. सचिन बांगर द्वारा पुलिस को भेजे गए आधिकारिक पत्र के अनुसार, १६ अक्टूबर को महासभा के दौरान दर्शक गैलरी में यह गंभीर घटना घटी थी। पुलिस को दी गई शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि भाजपा के कुछ नगरसेवकों और उनके समर्थकों ने भीड़ इकट्ठा करके दर्शक गैलरी में जबरन प्रवेश करने की कोशिश की। इस दौरान वहां तैनात महाराष्ट्र सुरक्षा बल (एमएसएफ) के महिला और पुरुष जवानों के साथ न सिर्फ धक्काबुक्की की गई, बल्कि उनके शासकीय कर्तव्य में भी गंभीर बाधा उत्पन्न की गई। अतिरिक्त आयुक्त ने पुलिस को पत्र लिखकर प्राप्त सभी शिकायतों और निवेदनों की अपने स्तर पर बारीकी से पड़ताल करने और तत्काल उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। गौरतलब है कि १९ अक्टूबर को इस मुद्दे पर मनपा आयुक्त और पुलिस उप-आयुक्त (परिमंडल-१) के बीच एक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा सौंपे गए शिकायती पत्रों पर चर्चा की गई। अतिरिक्त आयुक्त ने साफ किया है कि बैठक में मिले निर्देशों के आधार पर पुलिस तुरंत इन शिकायतों की सत्यता की जांच करे।

अन्य समाचार