-दशहरा मेले में संजय राऊत की हुंकार,
-बीजेपी पर जमकर बरसे
सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना सिर्फ एक ही है, बालासाहेब ठाकरे की और सामने जो दिखाई दे रहा है वह बिकाऊ माल है। यह बात शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत ने एकनाथ शिंदे गुट के दशहरा मेले पर निशाना साधते हुए कही। उन्होंने कहा कि उधर कोई विचार नहीं, कोई संघर्ष नहीं, कोई भूमिका नहीं है; जबकि इधर महाराष्ट्र धर्म और विचार हैं।
शिवसेना सांसद संजय राऊत ने सीधे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि लॉरेन्स बिश्नोई का कोई वजूद ही नहीं है, अमित शाह ही लॉरेन्स बिश्नोई हैं। वे मुंबई में बेलगाम गुंडागर्दी और अंडरवर्ल्ड पर बोल रहे थे।
मुंबई के अंडरवर्ल्ड के साथ हम भी बड़े हुए हैं, इसलिए यह अच्छी तरह जानते हैं कि कौन कब और कहां से हथियार निकालेगा और चलाएगा। लॉरेन्स बिश्नोई आखिर है कहां? लॉरेन्स बिश्नोई का कोई अस्तित्व ही नहीं है, अमित शाह ही लॉरेन्स बिश्नोई है। इस देश का गृहमंत्री, जिसके ऊपर देश की कानून और व्यवस्था की जिम्मेदारी है, वह एक माफिया है। लॉरेन्स बिश्नोई तो बस एक नाम है, लेकिन देशभर के तमाम गुंडों के गिरोह अमित शाह के नेतृत्व में चल रहे हैं। संजय राऊत ने अमित शाह पर इन कड़े शब्दों में हमला बोला। हम इस रिजीम को बदलना चाहते हैं। पिछले ६० वर्षों में शिवसेना से पंगा लेने के कई प्रयास किए गए। बड़े-बड़े लोग आए और चले गए, लेकिन शिवसेना के मंच पर उमड़ने वाली भीड़ कभी कम नहीं हुई। इस मुंबई के लिए १०६ हुतात्माओं (शहीदों) ने शहादत दी है। मुंबई में रोजाना कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। इसलिए शिवसेना ही सुरक्षा का एकमात्र हथियार है। आज इस शस्त्र पूजा में शायद यहां धनुष-बाण न हो, लेकिन अगले दशहरा सम्मेलन में हमारी शिवसेना का धनुष-बाण यहीं होगा। अदालत में जो मुकदमा चल रहा है, उस पर मुझे पूरा भरोसा है, ऐसा भी उन्होंने कहा।
`अप्रैल २०२७ में गिर जाएगी मोदी सरकार’
देश में जेन-जी का जमाना है और उसका नेतृत्व आदित्य ठाकरे कर रहे हैं। जेन-जी का नाम लेते ही मोदी-शाह की सुलगने लगती है। जेन-जी का दिमाग कितना शानदार चलता है। राहुल गांधी को `पप्पू’ साबित करने के लिए बीजेपी ने करोड़ों रुपए खर्च किए, लेकिन जेन-जी ने मोदी को ५६ इंच से छोटा बंदर बना दिया, ५६ इंच का छोटा बंदर… बाल नरेंद्र… बाल नरेंद्र… ऐसा कहते हुए संजय राऊत ने जेन-जी की क्रिएटिविटी की तारीफ की। अब आपके जाने का वक्त आ गया है। लोग मुझसे पूछते हैं कि यह सरकार कब जाएगी? अब मैं आपको आपके जाने का मुहूर्त बताता हूं, मोदी अप्रैल के आखिर में चले जाएंगे, ज्ञानू तो चला ही गया है। संजय राऊत ने दावा किया कि अप्रैल २०२७ में मोदी सरकार गिर जाएगी।
लॉरेन्स बिश्नोई तो बस एक नाम है, लेकिन देशभर के तमाम गुंडों के गिरोह अमित शाह के नेतृत्व में चल रहे हैं।
