मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिअंतिम बड़े मंगल पर फलों-फूलों से सजे बड़े हनुमान जी, दर्शन को...

अंतिम बड़े मंगल पर फलों-फूलों से सजे बड़े हनुमान जी, दर्शन को श्रद्धालुओं की कतार

राजेश सरकार / प्रयागराज

ज्येष्ठ माह के अंतिम बड़े मंगल पर बंधवा स्थित श्री बड़े हनुमान जी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंगला आरती में भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार दर्शन-पूजन के लिए लगी रही, जो लगातार बनी रही। इस अवसर पर लेटे हुए बड़े हनुमान जी महाराज का फलों और फूलों से भव्य रुद्रावतार श्रृंगार किया गया तथा विधि-विधान से विशेष पूजन एवं मंगल आरती संपन्न हुई।
मंदिर में बड़े हनुमान जी महाराज के श्रृंगार के लिए लगभग डेढ़ कुंतल आम, ढाई कुंतल सेब, एक कुंतल संतरा, एक कुंतल अनार, पचास दर्जन केले तथा विभिन्न प्रकार के पुष्पों का उपयोग किया गया। फल और फूलों से सुसज्जित भगवान का अलौकिक स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
बाघंबरी मठ एवं श्री बड़े हनुमान मंदिर के महंत बलबीर गिरी जी महाराज ने विशेष पूजन के उपरांत महाआरती संपन्न कराई। इस दौरान मंदिर परिसर में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
अंतिम बड़े मंगल के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। प्रातःकाल मंगला बेला में भगवान का अभिषेक, पूजन और आरती की गई। भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, टेंट और पंखों की विशेष व्यवस्था की गई थी।
भगवान श्री बड़े हनुमान जी के दर्शन के लिए प्रयागराज सहित आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर तक मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की भीड़ बनी रही। महंत श्री बलबीर गिरी जी महाराज ने बताया कि श्री बड़े हनुमान जी मंदिर में विराजमान लेटे हुए बजरंगबली को प्रयागराज का नगर कोतवाल माना जाता है और उनके प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है।

अन्य समाचार