मुख्यपृष्ठसमाचारझुंझुनू में करंट लगने से छत से गिरकर युवक की मौत

झुंझुनू में करंट लगने से छत से गिरकर युवक की मौत

सामना संवाददाता / झुंझुनू

राजस्थान के झुंझुनू जिले में एक निर्माणाधीन मकान की छत पर काम कर रहा युवक 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से उछलकर नीचे गली में बने नाले में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और उसे नाले से बाहर निकाला। घटना झुंझुनू शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अणगासर रोड पर मंगलवार को हुई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद नाले से शव निकाला और पुलिस को सूचना दी। शव को राजकीय बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां परिजन धरने पर बैठे हैं।
मृतक रतन नायक (45) मिस्त्री का काम करता था। करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। रतन नायक परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके तीन बेटियां और एक बेटा है। परिजनों के सामने अब परिवार का गुजारा चलाने की समस्या खड़ी हो गई है।
धरने पर बैठे लोगों की मांग है कि परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए और एक करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाए। उनका कहना है कि इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही जिम्मेदार है। आरोप है कि दुकान के मालिक ने बिजली के तार हटाने के लिए दो-तीन बार शिकायत भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

अन्य समाचार