रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जूहू-विलेपार्ले स्थित विद्यानिधि विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी योग के गुण सीखे।
चैतन्य तीर्थ योग विद्यालय के संस्थापक योग गुरु चैतन्य तीर्थ ने पांचवीं से लेकर दसवीं तक के विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को योग के विभिन्न आसनों और उनसे होने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने हठयोग, सूर्य नमस्कार तथा प्राणायाम आदि का मन और मस्तिष्क पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर मलखंभ प्रशिक्षक श्री अभिषेक मौर्य ने भी अपने विचार व्यक्त किए। यहां विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों ने भी योग प्रशिक्षण में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध समाजसेवी मधु कुमार राठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विद्यालय के प्राचार्य ने सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
‘योग करो, स्वस्थ रहो’ के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
