नागेन्द्र शुक्ला / मुंबई
म्हाडा मुंबई मंडल द्वारा घोषित २,६४० आवासों की लॉटरी के लिए कुल ७५,३६६ आवेदन प्राप्त हुए हैं। यानी प्रत्येक फ्लैट के लिए औसतन २८ आवेदक मैदान में हैं। यह आंकड़ा मुंबईकरों के बीच म्हाडा पर बढ़ते भरोसे और किफायती आवासों की भारी मांग को दर्शाता है।
मुंबई मंडल ने बताया कि लॉटरी प्रक्रिया की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, लेकिन वर्तमान में विधान परिषद चुनावों के कारण लागू आदर्श आचार संहिता के चलते लॉटरी की तारीख घोषित नहीं की जा सकती। २५ जून २०२६ को आचार संहिता समाप्त होने के बाद लॉटरी की तारीख, समय और स्थान की घोषणा की जाएगी।
यह लॉटरी विक्रोली, गोरेगांव, बोरीवली, चेंबूर, बांद्रा, घाटकोपर, गिरगांव, वडाला, पवई, माझगांव, दादर और एंटॉप हिल सहित मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित आवासों के लिए आयोजित की गई है।
विक्रोली परियोजना में ७.५ प्रतिशत कीमत कटौती का असर
मुंबई मंडल ने कन्नमवार नगर, विक्रोली (पूर्व) स्थित १,२२१ फ्लैटों की कीमतों में ७.५ प्रतिशत की कमी की थी। इनमें से ६१० फ्लैट विशेष रूप से उच्च आय वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। कम कीमत, आधुनिक सुविधाएं, पार्विंâग व्यवस्था और बाजार मूल्य से कम दरों के कारण इन फ्लैटों को भी आवेदकों का अच्छा प्रतिसाद मिला है।
१० जून को आएगी प्रारूप सूची
म्हाडा के अनुसार, लॉटरी के लिए प्राप्त आवेदनों की प्रारूप सूची १० जून २०२६ को दोपहर ३ बजे आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद आवेदक १२ जून तक ऑनलाइन दावा और आपत्तियां दर्ज कर सकेंगे। सभी दावों और आपत्तियों की जांच के बाद १६ जून २०२६ को अंतिम पात्र आवेदकों की सूची जारी की जाएगी।
