मुख्यपृष्ठसमाचारकोयलांचल की लाइफलाइन दामोदर पुल निर्माण का रास्ता साफ

कोयलांचल की लाइफलाइन दामोदर पुल निर्माण का रास्ता साफ

-जनआंदोलन और जनता की मांग लाई रंग, क्षेत्रवासियों के संघर्ष के बाद पुल निर्माण की दिशा में बढ़ा ऐतिहासिक कदम

अनिल मिश्र / रांची

झारखंड प्रदेश के कोयलांचल क्षेत्र की जनता के लिए वर्षों से जिस ऐतिहासिक पल का इंतजार था, वह आखिरकार आ गया। रामगढ़ और हजारीबाग जिले को जोड़ने वाले गिद्दी स्थित दामोदर नदी पर नए हाई लेवल ब्रिज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। स्टेट हाईवेज अथॉरिटी ऑफ झारखंड ने लगभग 17.93 करोड़ की लागत से बनने वाले इस महत्वाकांक्षी पुल निर्माण कार्य के लिए ईपीसी मोड पर आधिकारिक निविदा (टेंडर) जारी कर दी है। टेंडर जारी होने के साथ ही पूरे कोयलांचल क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।जारी निविदा के अनुसार इच्छुक एजेंसियां 10 जुलाई 2026 से 3 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी तथा 4 अगस्त 2026 को निविदाएं खोली जाएंगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह पुल रामगढ़ और हजारीबाग जिले के बीच आवागमन को पहले से अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम बनाएगा।
गिद्दी स्थित दामोदर पुल को कोयलांचल की “लाइफलाइन” माना जाता है। वर्षों से यह पुल जर्जर अवस्था में है, जिसके कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है। हर समय किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। क्षेत्र की जनता लंबे समय से नए हाई लेवल ब्रिज की मांग कर रही थी। श्रमिक नेता रामनरेश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता भोला सिंह कुशवाहा, सुमन सिंह सहित अनेक लोगों ने इस आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं पूर्व केंद्रीय विदेश एवं वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा का सहयोग, समर्थन और मार्गदर्शन भी इस अभियान में महत्वपूर्ण और सराहनीय रहा।क्षेत्र के लोगों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कोयलांचल क्षेत्र की जनभावनाओं और पुल निर्माण की आवश्यकता को मुख्यमंत्री के समक्ष गंभीरता से रखा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी जनहित को प्राथमिकता देते हुए इस परियोजना को आगे बढ़ाया,जिसके परिणामस्वरूप आज पुल निर्माण की निविदा जारी हो सकी। कोयलांचल क्षेत्र की जनता का कहना है कि यह केवल एक पुल नहीं, बल्कि लाखों लोगों की वर्षों पुरानी उम्मीदों और संघर्ष की जीत है। अब सभी की निगाहें निर्माण कार्य के शीघ्र प्रारंभ होने पर टिकी हैं। नया हाई लेवल ब्रिज बनने के बाद रामगढ़ और हजारीबाग के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा, आवागमन सुरक्षित होगा तथा पूरे कोयलांचल क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

अन्य समाचार