राजेश सरकार / प्रयागराज
संगम नगरी में बन रही नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के निर्माण में सुस्ती पर कंपनी के एमडी को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने तलब करने की सख्त चेतावनी दी है। 15 नवंबर तक हर हाल में काम पूरा करने की डेडलाइन भी तय की है। एक हफ्ते में मजदूर नहीं बढ़े तो सीधे तलब होंगे कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर। संगम नगरी में बन रहे डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार पर मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को ग्राउंड जीरो पर स्थलीय निरीक्षण के दौरान काम बेहद धीमा मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था को जमकर फटकार लगाई।मंडलायुक्त ने दो-टूक चेतावनी दी है कि एक सप्ताह के भीतर साइट पर अतिरिक्त मजदूर तैनात किए जाएं। अगर अगली समीक्षा बैठक तक काम में तेजी नहीं दिखी, तो निर्माण कंपनी के एमडी को सीधे तलब किया जाएगा। उन्होंने हर हाल में 15 नवंबर तक सभी निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं। ताकि विश्वविद्यालय का शुभारंभ समय पर हो सके।
