सामना संवाददाता / बोधगया
केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत पशुओं में होने वाले मुंहपका-खुरपका रोग की रोकथाम के लिए संचालित एफएमडी निःशुल्क टीकाकरण अभियान के सातवां चरण का शुभारंभ प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय, टेकुना, बोधगया में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बोधगया के विधायक सह मुख्य सचेतक कुमार सर्वजीत, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार राय एवं सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर द्वारा दीप प्रज्ज्वल एवं फीता काटकर किया गया। अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ से किया गया।
जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार राय ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के सभी पशुओं का टीकाकरण कर उन्हें एफएमडी जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखना तथा पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता को बढ़ावा देना है। अगामी पैंतालीस दिनों तक यह कार्यक्रम जिले के सभी प्रखंड में चलाया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से इस टीकाकरण अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
समाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने कहा कि मानव की विकास यात्रा में पशुओं का अहम योगदान है। पशुपालन कृषकों की आय का प्रमुख स्रोत है।
मुख्य अतिथि कुमार सर्वजीत ने कहा कि पशुपालन विभाग गरीबों से जुड़ा हुआ विभाग है। यह टीकाकरण अभियान जिले में पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा, जिससे पशुपालकों को भी सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने पशुचिकित्सालय के भवन और चहारदीवारी बनवाने के लिए प्रयास करने का भरोसा दिलाया। भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी, टेकुना (बोधगया) डॉ दीपक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
