मुख्यपृष्ठस्तंभफलसफा :  मुंबई में ‘सिचुएशनशिप’ का दौर: रिश्ता है या सिर्फ साथ?

फलसफा :  मुंबई में ‘सिचुएशनशिप’ का दौर: रिश्ता है या सिर्फ साथ?

सना खान

मुंबई की तेज रफ्तार जिंदगी में रिश्तों की परिभाषा भी बदल रही है। दो लोग लगातार मिलते हैं, बातें करते हैं और एक-दूसरे की परवाह भी करते हैं, लेकिन जब सवाल आता है-‘हमारे बीच रिश्ता क्या है?’ तो जवाब साफ नहीं होता। ऐसी नजदीकी, जिसमें भावनात्मक जुड़ाव तो हो लेकिन रिश्ते की स्पष्ट पहचान या प्रतिबद्धता न हो, उसे आजकल ‘सिचुएशनशिप’ कहा जा रहा है।
मुंबई में यह बदलाव सिर्फ चर्चा तक सीमित नहीं है। टिंडर के ‘फ्यूचर ऑफ डेटिंग – मुंबई एडिशन’ २०२३ सर्वे में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु समेत १० शहरों के १,००० युवाओं को शामिल किया गया था। मुंबई से जुड़े आंकड़ों में ४८ प्रतिशत ने सिचुएशनशिप को पसंद करने की बात कही, जबकि ६० प्रतिशत ने डेटिंग में स्पष्ट इरादों को प्राथमिकता दी।
साथ है, लेकिन प्रतिबद्धता नहीं
सिचुएशनशिप में साथ होने का एहसास होता है, लेकिन रिश्ते का भविष्य तय नहीं होता। मुलाकातें होती हैं, बातचीत चलती है, एक-दूसरे की परवाह भी होती है, फिर भी दोनों में से कोई यह तय नहीं करता कि इस रिश्ते को आगे किस दिशा में ले जाना है।
मुंबई जैसे महानगर में नौकरी, करियर और निजी आजादी युवाओं के जीवन का अहम हिस्सा हैं। इसका असर रिश्तों पर भी दिखाई देता है। कुछ युवा नजदीकी चाहते हैं, लेकिन रिश्ते को तुरंत कोई नाम या जिम्मेदारी देने से बचते हैं।
साथ होकर भी अकेलापन?
मई २०२६ के ‘दिल, दोस्ती, डेटा २’ सर्वे में ३,०७२ युवाओं को शामिल किया गया। इसमें हर तीन में से करीब दो युवाओं ने कहा कि रिश्ते या सिचुएशनशिप में रहते हुए भी उन्हें अकेलापन महसूस होता है। यह आंकड़ा एक महत्वपूर्ण सवाल खड़ा करता है कि क्या किसी के साथ होना हमेशा भावनात्मक जुड़ाव की गारंटी है? सिचुएशनशिप में सबसे बड़ी उलझन शायद यही है कि नजदीकी तो होती है, लेकिन अपेक्षाओं और भविष्य को लेकर स्पष्टता नहीं होती। मुंबई की नई पीढ़ी के लिए प्यार अब सिर्फ साथ रहने का नाम नहीं। इसमें अपनी आजादी, भावनात्मक सुरक्षा और निजी सीमाएं भी महत्वपूर्ण हैं। लेकिन जब नजदीकी है, भावनाएं हैं और साथ भी है, तो रिश्ते को नाम देने में हिचक क्यों? क्या ‘सिचुएशनशिप’ आज की पीढ़ी को रिश्ते की आजादी दे रही है या भावनात्मक अकेलेपन की नई वजह बन रही है?

अन्य समाचार