मुख्यपृष्ठअपराधजानलेवा हमले के आरोपी लोकगायक संजय यदुवंशी के घर दीवार फांदकर पहुंची...

जानलेवा हमले के आरोपी लोकगायक संजय यदुवंशी के घर दीवार फांदकर पहुंची पुलिस!

– प्रकरण ने लिया सियासी रंग
-अपने विवादित बोल के गीतों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते रहे हैं यदुवंश

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

आपत्तिजनक गानों के कारण अक्सर चर्चा में रहने वाले अवधी बोली के लोकगायक संजय यदुवंशी जानलेवा हमले के एक मामले में आरोपी हैं। इसी प्रकरण को लेकर यूपी पुलिस ने सोमवार को शिकंजा कस दिया है। आधी रात उनकी तलाश में सुल्तानपुर स्थित उनके पैतृक घर पर पुलिस टीम ने धावा बोल दिया लेकिन उस वक़्त संभवतः लोकगायक घर मे मौजूद नहीं थे। परिवारीजनों के मुख्य द्वार न खोलने पर पुलिसकर्मी दीवार फांदकर घर मे घुस गए। लेकिन परिवारीजनों के कड़े प्रतिरोध व विवाद बढ़ जाने पर पुलिस टीम बैरंग वापस लौट आई। हालांकि पुलिस के इस छापे ने राजनीतिक रंग ले लिया और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर छापे का वीडियो ट्वीट करते हुए यूपी पुलिस पर कड़े इल्ज़ाम लगाए हैं। वहीं गायक यदुवंश ने भी खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस के एक्शन को पूर्वाग्रही व नियमविरुद्ध करार दिया है।
बता दें कि यूपी के सुल्‍तानपुर जिले के मूल निवासी अवधी गायक संजय यदुवंशी अक्सर अपने कथित आपत्तिजनक गायन को लेकर विवाद के घेरे में रहते हैं। कई बार उनके गानों पर समाजविरोधी व आपत्तिजनक होने के आरोप लग चुके हैं। ताजाज़ प्रकरण सुल्तानपुर नगर कोतवाली क्षेत्र से सम्बंधित है। सुल्तानपुर शहर के बाशिंदे जफरुल हसन ने नगर पुलिस में गत दिवस एफआईआर दर्ज कराई है कि गत दिवस गायक यदुवंश ने बेटे शबीब रजा व खुद जफरुल हसन पर जानलेवा हमला करते हुए मारपीट की है। इस मामले में आरोपी संजय यदुवंशी वांछित चल रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार देर रात सुल्तानपुर पुलिस टीम गायक के धंमौर थानांतर्गत उघड़पुर गांव में छापा मारने पहुंची। पुलिस का कहना है कि उनके खिलाफ इस ताजा मामले के अलावा भी बंधुआकला और धम्‍मौर थाने में भी मारपीट समेत कई धाराओं में उनके विरुद्ध मुकदमे दर्ज हैं। दबिश के दौरान संजय घर पर नहीं मिले। इस दौरान उनके पिता, मां और भाई की पुलिसकर्मियों से तीखी बहस भी हुई। इसका वीडियो इंटरनेट पर सामने आने के बाद सुल्‍तानपुर पुलिस ने सफाई पेश की है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ये वीडियो शेयर कर यूपी सरकार और पुलिस पर हमला बोला है। धम्‍मौर थानाक्षेत्र में पड़ने वाले उघड़पुर गांव का है। संजय यदुवंशी के परिवार ने पुलिसकर्मियों पर अभद्रता का आरोप लगाया है। पिता ने वीडियो जारी कर बेटे के एनकाउंटर का अंदेशा जताया है।संजय यदुवंशी ने परिजनों और पुलिस के बीच हुई बहस का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि अगर एसएचओ को सस्‍पेंड नहीं किया गया तो वह लखनऊ में धरना देंगे। अपने X हैंडल पर संजय यदुवंशी ने लिखा है-धम्मौर थाना के SHO शराब पीके, चारदीवारी कूदकर, गाली-गलौज देकर, रात 12 बजे विवेचना करते हैं। ऐसा कौन सा मुकदमा है मेरे ऊपर? किसकी हत्या या किसका अपहरण किया है? वहीं डीओटी एसपी रितिक कपूर का कहना है कि पुलिस टीम जांच के लिए अभियुक्त की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई थी। पुलिस पर लगाए जा रहे अन्य आरोप असत्य और निराधार हैं।

अन्य समाचार