मुख्यपृष्ठनए समाचारआंतरिक सर्वे का हवाला देकर पूनम महाजन को किया फेल

आंतरिक सर्वे का हवाला देकर पूनम महाजन को किया फेल

सामना संवाददाता / मुंबई
उत्तर-मध्य मुंबई से भाजपा की मौजूदा सांसद पूनम महाजन का आखिरकार कल पत्ता कट गया। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, इस निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा ने तीन बार आंतरिक सर्वे कराया। इन तीनों सर्वे में भाजपा को पूनम महाजन को लेकर निगेटिव रिपोर्ट मिली इसलिए उनका पत्ता काटा गया है। दूसरी तरफ इस सीट से भाजपा ने सरकारी वकील उज्जवल निकम को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा है।
बता दें कि भाजपा पहले ही गोपाल शेट्टी और मनोज कोटक का टिकट काट चुकी है। ऐसे में अब चर्चा है कि पूनम महाजन का टिकट काटकर पार्टी ‘महाजन’ नाम को मिटाने की कोशिश कर रही है। ऐसे संकेत हैं कि जिन तीन सांसदों के टिकट काटे गए हैं, वे भाजपा के प्रचार अभियान से दूर रहेंगे। उत्तर-मध्य मुंबई लोकसभा क्षेत्र के लिए मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार, विधायक अमित साटम के नाम पर चर्चा हुई थी लेकिन उत्तर-मध्य लोकसभा क्षेत्र में भाजपा ने चौंकानेवाली रणनीति अपनाते हुए कल उज्जवल निकम को उम्मीदवारी दे दी। इसलिए इस सीट पर महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार वर्षा गायकवाड़ और उज्जवल निकम के बीच सीधा मुकाबला होगा। पूनम महाजन भाजपा के वरिष्ठ नेता दिवंगत प्रमोद महाजन के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में राजनीति में सक्रिय हैं। उस दौर में अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के बाद प्रमोद महाजन का नाम लिया जाता था। महाराष्ट्र भाजपा की राजनीति में महाजन की बात अंतिम मानी जाती थी। इसलिए प्रमोद महाजन की हत्या के बाद भाजपा ने पूनम महाजन को राजनीति में मौका दिया। पूनम ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा था। साल २००९ में वे घाटकोपर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से हार गईं, लेकिन साल २०१४ और २०१९ के लोकसभा चुनाव में वे उत्तर-मध्य मुंबई से चुनी गईं। इस बार भी उम्मीद थी कि पूनम महाजन को ही भाजपा उम्मीदवारी देगी। लेकिन चर्चा है कि भाजपा ने मुंबई में मौजूदा दो सांसदों की तरह ही पूनम के लिए भी वही मापदंड अपनाकर ‘महाजन’ के नाम को मिटाने की कोशिश की है।
इस मुद्दे पर कांग्रेस के महासचिव सचिन सावंत ने ‘एक्स’ के जरिए भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा, पूनम महाजन के साथ ही अब मुंबई में तीन मौजूदा सांसदों को टिकट नहीं दिया गया है। इसका सीधा मतलब यह है कि तीनों लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा का काम शून्य हो गया है और वहां की जनता नाखुश है। भाजपा खुद कहती है कि उनके प्रतिनिधि अपना काम नहीं कर रहे हैं। इस पोस्ट के माध्यम से भाजपा पर तंज कसते हुए सावंत ने कहा कि पूनमताई, गोपाल शेट्टी और मनोज कोटक के प्रति उनकी सहानुभूति है।

अन्य समाचार