मुख्यपृष्ठस्तंभप्रणवाक्षर :  सरकार अपनी खैर मनाएगी या ज्ञानेश बाबू को बचाएगी

प्रणवाक्षर :  सरकार अपनी खैर मनाएगी या ज्ञानेश बाबू को बचाएगी

प्रणव प्रियदर्शी

चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज को लेकर इंडियन एक्सप्रेस में पिछले सप्ताह छपी रितिका चोपड़ा की एक खबर ने वह रोशनी पैâलाई जिसमें गोदी मीडिया के पाप तो नहीं धुले, लेकिन मीडिया का वह निष्पक्ष और साहसी चेहरा चमक उठा जो पिछले बारह वर्षों के दौरान पृष्ठभूमि में चला गया था। इस एक रिपोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कथित मनमानियों को बेनकाब कर दिया। वैसे राहुल गांधी भी इस दौरान चुनाव आयोग और सत्तारूढ़ पक्ष की कथित मिलीभगत को उजागर करने का भरसक प्रयास करते रहे हैं, लेकिन इस रिपोर्ट ने जैसे एक झटके में सबकी आंखें खोल दीं।
स्पष्टीकरण और दावा
इस खुलासे पर पहले चुनाव आयोग ने एक प्रेस नोट जारी करके अपना स्पष्टीकरण दिया, लेकिन उसका कोई असर न देख तीनों चुनाव आयुक्तों ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह दर्शाने का प्रयास किया कि उनके बीच छोटी-मोटी असहमतियां भले रही हों, वास्तव में कोई बड़े मतभेद नहीं हैं और सभी नीतिगत फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों ने सर्वसम्मति से किए हैं। इसके बाद सत्ता पक्ष ने अपेक्षा के अनुरूप ही यह दावा कर दिया कि चुनाव आयोग के कामकाज में कोई गड़बड़ी नहीं रही है, न ही उसका कोई फैसला अवैध ढंग से लिया गया है।
सवाल साख का
इस दावे पर सरकार और सत्तारूढ़ पार्टी के दायरे से बाहर शायद ही कोई भरोसा कर रहा हो। लेकिन फिर भी चुनाव आयोग को संदेह का लाभ देते हुए उसके स्पष्टीकरण को ज्यों का त्यों स्वीकार कर लें, तब भी न तो सरकार को इससे कोई राहत मिलने वाली है और न ही चुनाव आयोग की ध्वस्त हो चुकी छवि को कोई फायदा होने वाला है, क्योंकि सवाल अब चुनाव आयोग पर लगने वाले नए-नए आरोपों और उन पर आने वाली सफाइयों का रह ही नहीं गया है। असल सवाल है आयोग की विश्वसनीयता का। वह इस कदर तार-तार हो चुकी है कि संयुक्त प्रेस कॉन्प्रâेंस के फोटो सेशंस और सावधानी से तैयार कराए गए प्रेस नोटों का रफू काम नहीं आ सकता।
विपक्ष बनाम चुनाव आयोग
खुद ज्ञानेश कुमार ही बता दें कि आजाद भारत के इतिहास में कब चुनाव आयोग इस तरह से विपक्षी दलों के निशाने पर आया था। पहले चुनाव आयोग पर जो आरोप लगा करते थे, जो सवाल उठाए जाते थे वे प्राय: लापरवाही और निष्क्रियता से जुड़े होते थे। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ से शिकायतें की जाती थीं और आयोग भरसक उनका निपटारा करने की कोशिश करता था। कई ऐसे मौके आए जब आयोग शिकायतकर्ता को संतुष्ट नहीं कर सका, लेकिन २०१४ में अमृतकाल शुरू होने से पहले तक कभी ऐसा नहीं हुआ कि संपूर्ण विपक्ष ने चुनाव आयोग की नीयत पर सवाल उठा दिया हो। न ही कभी ऐसा हुआ कि शिकायतें करने पर चुनाव आयोग विपक्ष को खरी-खोटी सुनाने लग गया हो।
न्यू इंडिया, न्यू नॉर्मल
यह सब इस न्यू इंडिया का न्यू नॉर्मल है। ऐसे में चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्प्रâेंस और उसकी प्रेस विज्ञप्ति का विपक्ष के रवैये पर कोई असर पड़ना मुश्किल है। इंडिया ब्लॉक की पार्टियां ही नहीं, सीजेपी के नेता भी अपना निष्कर्ष निकाल चुके हैं। वे सब अपना मन बना चुके हैं। कांग्रेस ने २९ सितंबर को अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। ३० सितंबर को इंडिया ब्लॉक के दलों ने अपनी एक बैठक बुलाई है। सीजेपी २ अक्टूबर से आंदोलन का एलान कर चुकी है।
एक्स फैक्टर
विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग लाने का फैसला भी कर लिया है। कहा जा सकता है कि संसद में बहुमत की कमी विपक्षी दलों की राह की एक बड़ी बाधा है, जो अभी बनी हुई है। लेकिन जनता की आंदोलन में भागीदारी एक ऐसा एक्स फैक्टर है जो लोकतंत्र में हरेक पक्ष की योजनाओं पर पानी फेरने का माद्दा रखता है। जुलाई महीने में जंतर-मंतर प्रोटेस्ट को इसी एक्स पैâक्टर ने ऐसा सफल बनाया कि ‘हमारे यहां इस्ताफे नहीं होते’ की डींग मारने वाली सरकार अपने शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेने को बाध्य हुई। एनडीए दलों में दिख रही बेचैनी इस बार भी आने वाले बड़े राजनीतिक तूफान का संकेत साबित हो सकती है।
विरोध की शिद्दत
हालांकि, इस बार सरकार अड़ी हुई है कि किसी भी सूरत में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की नौबत नहीं आने देगी। दूसरी ओर कांग्रेस ठान चुकी है कि बात ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर खत्म नहीं होने देगी, लेकिन आखिरकार होगा क्या? यह निर्भर करता है इस बात पर कि सड़क पकड़ने वाले नौजवानों, बुजुर्गों और महिलाओं के विरोध में कितनी शिद्दत होती है। और यह तय करना सरकार के हाथ में तो नहीं है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं।)

 

अन्य समाचार