ब्रिजेश पाठक
मनपा की लेटलतीफी एक बार फिर सामने आई है। मनपा की डेडलाइन के हिसाब से कर्नाक ब्रिज १० जून को शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन पूरा जून महीना बीत जाने के बाद भी यह ब्रिज अब तक शुरू नहीं किया गया है। १० जून को मनपा ने कहा था कि ब्रिज पूरी तरह से तैयार है, सिर्फ लिपाई-पुताई का काम बाकी है। इसके बाद कहा गया कि रेलवे एनओसी का इंतजार है, लेकिन अब तो अधिकारियों ने पुष्टि की कि रेलवे से एनओसी भी मिल गई है तो अब किस बात का इंतजार किया जा रहा है?
सूत्रों के मुताबिक, इस ब्रिज के उद्घाटन के लिए मंत्री उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं इसलिए उद्घाटन की तिथि नहीं मिल पा रही है, वहीं आम जनता इस बात से आक्रोशित नजर आ रही है। मनपा के एक अधिकारी के मुताबिक, इस ब्रिज को जल्द ही शुरू किया जाएगा। सभी आवश्यक स्वीकृतियां लगभग मिल गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी सप्ताह ब्रिज को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। १२५ वर्ष पुराने कर्नाक ब्रिज को खतरे की स्थिति में घोषित होने के बाद अगस्त २०२२ में मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा इसे ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद मस्जिद बंदर क्षेत्र के पूर्व और पश्चिम को जोड़नेवाली कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए मनपा ने इस पुल के पुनर्निर्माण का कार्य अपने हाथ में लिया। मध्य रेलवे द्वारा अनुमोदित नक्शे के अनुसार पुल का निर्माण किया गया है।
पूरे हो चुके हैं मुख्य कार्य
वर्तमान में आरसीसी डेक स्लैब, डामरीकरण और दोनों ओर के संपर्क मार्ग जैसे मुख्य कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इस पुल की कुल लंबाई ३२८ मीटर है, जिसमें से ७० मीटर रेलवे क्षेत्र में आती है। मनपा क्षेत्र में संपर्क मार्ग की कुल लंबाई २३० मीटर है, जिसमें पूर्व दिशा में १३० मीटर और पश्चिम दिशा में १०० मीटर मार्ग शामिल है। रेलवे ट्रैक पर बने पुल में ५५० मीट्रिक टन वजनी, ७० मीटर लंबी, २६.५० मीटर चौड़ी और १०.८ मीटर ऊंची दो बड़ी स्टील गार्डर आरसीसी पायों पर स्थापित की गई हैं।
कर्नाक पुल पुनर्निर्माण के लाभ
• दक्षिण मुंबई में पूर्व-पश्चिम को जोड़नेवाला महत्वपूर्ण मार्ग।
• पूर्व-पश्चिम यातायात के लिए सुरक्षित और बेहतर सुविधा
• ईस्टर्न प्रâीवे से आने वाला ट्रैफिक और पी. डिमेलो रोड की जाम की समस्या कम होगी।
• पी. डिमेलो रोड से गिरगांव, चर्चगेट, मंत्रालय, कालबादेवी, धोबी तालाब क्षेत्र तक यातायात की सुविधा बढ़ेगी
• युसूफ मेहरअली रोड, मोहम्मद अली रोड, सरदार वल्लभभाई पटेल रोड और काजी सय्यद रोड जैसे क्षेत्रों की ट्रैफिक समस्या में कमी आएगी
