अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने कार्रवाई की है। इस टीम ने लघु जल संसाधन विभाग के बांका प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार के पांच ठिकानों पर आज मंगलवार को एक साथ छापा मारा।इस क्रम में राजधानी पटना, वैशाली और बांका में हुई इस कार्रवाई के दौरान अब तक उनकी ज्ञात आय से करीब 2.20 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल और अचल संपत्ति का पता चला है। कार्यपालक अभियंता और उनकी पत्नी के नाम आठ जमीन और फ्लैट के कागजात भी मिले हैं। इसी बीच खबर है कि बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विशेष निगरानी इकाई ने लघु जल संसाधन विभाग के बांका प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।कांड संख्या 23/2026 के तहत सोमवार को मामला दर्ज किए जाने के बाद मंगलवार को निगरानी की टीम ने हरेन्द्र कुमार से जुड़े पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है।इस संबंध में निगरानी विभाग के इंस्पेक्टर कुणाल कुमार ने बताया कि कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज हुआ था। इसी मामले को लेकर टीम बांका पहुंची है। छानबीन की जा रही है। निगरानी की कार्रवाई बांका के अलावे पटना और वैशाली में भी की जा रही है।जांच एजेंसी की टीम जिन पांच स्थानों पर तलाशी ले रही है, उनमें बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता का कार्यालय, पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित महावीर नगर का जनक नंदिनी अपार्टमेंट, बेऊर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान और वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र का सिमरवारा गांव शामिल है।आज मंगलवार को उनके पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया।निगरानी टीम द्वारा घर और कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य संपत्तियों से जुड़े कागजात की जांच करते रही।इस बीच खबर है कि निगरानी टीम ने कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार को उनके सरकारी आवास से हिरासत में लिया है। इसके बाद उनके अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई। पटना स्थित उनके आवास से नकदी और काफी मात्रा में गहने मिलने की जानकारी सामने आई है. इसके अलावा तलाशी के दौरान महंगी घड़ियां भी बरामद होने की बात कही जा रही है. बरामद नकदी की गिनती के लिए छह लोगों की टीम को लगाया गया है। जानकारी के अनुसार हरेन्द्र कुमार की पोस्टिंग करीब एक महीने पहले ही लघु जल संसाधन विभाग के बांका प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर हुई थी।इससे पहले वह गया में पदस्थापित थे। बताया जा रहा है कि गया में कार्यरत रहने के दौरान ही उनके खिलाफ किसी व्यक्ति ने निगरानी विभाग में शिकायत की थी।
