सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने पुणे की हिंजवड़ी मेट्रो के आगामी उद्घाटन को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर हिंजवड़ी और आसपास के आईटी पार्क की गंभीर बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने की मांग की है। ३ नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मेट्रो का ऑनलाइन उद्घाटन प्रस्तावित है, लेकिन आदित्य ठाकरे का कहना है कि उद्घाटन से पहले स्थानीय नागरिकों और आईटी कर्मचारियों को राहत मिलना आवश्यक है।
हिंजवड़ी क्षेत्र के निवासी लंबे समय से सड़कों की बदहाली, भारी ट्रैफिक जाम, कचरा प्रबंधन की कमी और दूषित पेयजल जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। आदित्य ठाकरे ने हिंजवड़ी का दो बार दौरा कर वहां के नागरिकों से संवाद किया था। इसके बाद इन समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से मांग भी की थी; फिर भी शासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
मुख्य मांगें और सुझाव
सड़क सुधार: मेट्रो रूट के नीचे और आसपास की सभी सड़कों का तुरंत डामरीकरण, रीसरफेसिंग और सौंदर्यीकरण किया जाए।
यातायात नियंत्रण: प्रमुख जाम वाले चौराहों पर पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं और हिंजवड़ी के लिए अतिरिक्त जनशक्ति उपलब्ध कराई जाए।
कचरा प्रबंधन: सभी सोसायटियों, टाउनशिप और व्यावसायिक परिसरों से नियमित कचरा उठाने की सुचारु व्यवस्था लागू हो।
मुला नदी का संरक्षण: ब्लू रिज, महालुंगे, पार्क कनेक्ट, पार्क अस्त्रा, कोहिनूर कोरल और फ्यूजन टॉवर्स जैसी प्रमुख टाउनशिप के हजारों लोगों के लिए मुला नदी ही पीने के पानी का एकमात्र स्रोत है। नदी के बढ़ते प्रदूषण से बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
आदित्य ठाकरे ने मांग की है कि मुला नदी में सीवेज जाने से रोकने के लिए पर्याप्त क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाए। साथ ही शोधित पानी सीधे नदी में न मिले, इसकी निगरानी के लिए एक सक्षम ट्रैकिंग सिस्टम बनाने और पानी की नियमित जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
