बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए चाकू से हमले के मामले में आरोपी मोहम्मद शरिफुल इस्लाम ने एक बार फिर अदालत का दरवाजा खटखटाया है। आरोपी ने सभी आरोपों को कबूल करने की इच्छा जताते हुए नई अर्जी दाखिल की है। इससे पहले ११ सितंबर को अदालत उसकी इसी तरह की अर्जी खारिज कर चुकी है। अब इस मामले की अगली सुनवाई २३ अक्टूबर को होगी। गुरुवार को सुनवाई के दौरान आरोपी को अदालत में पेश किया गया। इस दौरान उसने दोबारा कहा कि वह अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को कबूल करना चाहता है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जी. पी. देशमुख ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि बांग्लादेश दूतावास से आधिकारिक माध्यम से संपर्क किया जाए और आरोपी को दूतावास से बातचीत करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। गौरतलब है कि १६ जनवरी २०२५ को बांद्रा स्थित सैफ अली खान के घर में घुसकर उन पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। इस हमले में अभिनेता गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस ने घटना के दो दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत जानलेवा हथियार के साथ लूट, गंभीर चोट पहुंचाने और घर में अवैध रूप से घुसने सहित कई आरोप लगाए गए हैं। आरोपी ने पहली बार २८ अगस्त को गुनाह कबूल करने और सजा में नरमी बरतने की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने ११ सितंबर को उसकी अर्जी खारिज करते हुए मुकदमा चलाने का पैâसला किया था।
