मुख्यपृष्ठस्तंभस्कैम्स एंड स्कैंडल्स: सपनों के शहर मिलान में सिल्वियो का पहला दांव!

स्कैम्स एंड स्कैंडल्स: सपनों के शहर मिलान में सिल्वियो का पहला दांव!

श्रीकिशोर शाही

क्रूज जहाजों की उन रंगीन और संगीत से भरी रातों को हमेशा के लिए पीछे छोड़कर युवा सिल्वियो बर्लुस्कोनी वापस मिलान लौट आया था। १९६० के दशक के अंतिम वर्षों में पूरा इटली तेजी से आर्थिक बदलाव के दौर से गुजर रहा था। सिल्वियो की पैनी नजर इस बदलते हुए इटली में अपने लिए एक बहुत बड़ा मौका तलाश रही थी। उसकी जेब में भले ही पैसे नहीं थे, लेकिन उसके भीतर एक ऐसा गजब का आत्मविश्वास कूट-कूट कर भरा था कि वह किसी भी बैंक मैनेजर को अपने सबसे बड़े और असंभव सपने के लिए कर्ज देने पर राजी कर सकता था। और उसने बिल्कुल यही किया भी।
स्विट्जरलैंड के कुछ अज्ञात, रहस्यमयी और रसूखदार निवेशकों से भारी भरकम कर्ज लेकर सिल्वियो ने एक ऐसा जुआ खेला, जिसे देखकर उस दौर के बड़े-बड़े बिल्डर भी कांप जाते। उसने मिलान शहर के बाहरी इलाके की दलदली जमीन पर एक पूरा का पूरा नया शहर बसाने का पैâसला किया, जिसे उसने ‘मिलानो २’ का नाम दिया। यह कोई आम रिहायशी प्रोजेक्ट बिल्कुल नहीं था। यह इटली के नए रईसों के लिए सपनों का एक ऐसा सुरक्षित यूटोपिया था जहां ट्रैफिक का दमघोंटू शोर नहीं था, चारों तरफ खूबसूरत हरियाली थी, और जिंदगी पूरी तरह लग्जरी के आगोश में डूबी हुई थी।
यह दांव इतना बड़ा था कि अगर यह प्रोजेक्ट फ्लॉप हो जाता तो सिल्वियो बर्लुस्कोनी हमेशा के लिए तबाह हो जाता और उसे जेल की हवा खानी पड़ती। लेकिन अपनी उस ‘सेल्समैन’ वाली जादुई जुबान और आक्रामक मार्केटिंग के दम पर उसने इस नामुमकिन से दिखने वाले प्रोजेक्ट को हकीकत में बदल कर दिखा दिया। ‘मिलानो २’ रातों-रात सुपरहिट साबित हुआ। देखते ही देखते सिल्वियो बर्लुस्कोनी का नाम इटली के सबसे अमीर और चालाक कारोबारियों की सूची में शुमार हो गया। दौलत का पहला बड़ा समंदर अब पूरी तरह से उसके कदमों में था, लेकिन सिल्वियो की प्यास अभी बुझी नहीं थी, उसे अब इटली के लोगों के दिमाग पर राज करना था।
(शेष अगले अंक में)

अन्य समाचार