मुख्यपृष्ठखेल३५ गेंदों में शर्मा जी ने ठोका शतक!

३५ गेंदों में शर्मा जी ने ठोका शतक!

-३८ गेंदों में ११३ रन बनाकर दिलाई भारत को धमाकेदार जीत
शॉर्ट गेंद हो या गुड लेंथ, मंगलवार को अभिषेक शर्मा के बल्ले से हर गेंद पर छक्के-चौकों की बरसात हुई। वेलिंगटन में अभिषेक ने महज ३५ गेंदों में शतक ठोककर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। उनकी ३८ गेंदों में ११३ रनों की तूफानी पारी की बदौलत भारत ने १९९ रनों का लक्ष्य महज १३.२ ओवर में हासिल कर लिया और टी-२० सीरीज में ३-० की अजेय बढ़त बना ली।
अभिषेक ने अपनी विस्फोटक पारी में ११ छक्के और ९ चौके जड़े। इस शतक के साथ उन्होंने विदेशी सरजमीं पर भारत की ओर से सबसे तेज टी-२० अंतर्राष्ट्रीय शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले वह अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में ३० गेंदों में शतक जड़ चुके हैं। अभिषेक ने इस पारी के साथ कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। वह ३५ या उससे कम गेंदों में दो टी-२० अंतर्राष्ट्रीय शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। टी-२० क्रिकेट में उनके कुल शतकों की संख्या ११ हो गई है, जबकि विराट कोहली के नाम १० शतक हैं। अंतर्राष्ट्रीय टी-२० में भी अभिषेक के चार शतक हो चुके हैं। वह रोहित शर्मा और ग्लेन मैक्सवेल के पांच-पांच शतकों के रिकॉर्ड से अब केवल एक कदम दूर हैं।
सीरीज पर भारत का कब्जा
अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने न्यूजीलैंड के गेंदबाज बेबस नजर आए। भारत ने छह विकेट से मुकाबला जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली। अब टीम इंडिया की नजरें बाकी दोनों मुकाबले जीतकर कीवियों का सूपड़ा साफ करने पर होंगी।
– महज १५ गेंदों में अर्धशतक
– ३५ गेंदों में शतक, ३८ गेंदों में ११३ रन
– चौके-छक्कों से ही १०२ रन
– पावरप्ले में ११८ रन का विश्व रिकॉर्ड
– पहले ओवर में ही २६ रन

अन्य समाचार