-शिंदे गुट के विधायक का दावा महायुति में अंदरूनी घमासान
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में सत्ता पर काबिज महायुति के भीतर जमकर घमासान मचा हुआ है। एक तरफ जहां शिंदे गुट और भाजपा के बीच मारामारी की नौबत तक आ गई है, वहीं शिंदे गुट और दादा गुट के बीच तनातनी जारी है। अब शिंदे गुट के विधायक ने खुलासा किया है कि महायुति में अजीत पवार गुट की हालत खराब है। भाजपा नेता, दादा गुट के नेताओं को भ्रष्टाचार वाली फाइल के सहारे तोड़ने में जुटे हैं। इस क्रम में सबसे पहले दादा के सबसे करीबी नेता सुनील तटकरे जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे। शिंदे गुट के विधायक महेंद्र दलवी के इस बयान से राजनीति में हलचल मच गई है।
रायगड की राजनीति में सांसद सुनील तटकरे और एकनाथ शिंदे गुट आमने-सामने हैं। तटकरे दादा गुट के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। मगर वे जल्द ही भाजपा में शामिल होने वाले हैं। दलवी ने अपने दावे में कहा कि तटकरे किसी के भी प्रति वफादार नहीं हैं। जिनके हाथों के नीचे उन्होंने काम किया, उन्हीं को धोखा दिया। उनका पूरा जीवन चीटिंग में ही गया है। अब उनकी भाजपा की ओर यात्रा शुरू हो चुकी है और वे जल्द ही भाजपा में जाएंगे। आगे बोलते हुए दलवी ने कहा कि सुनील तटकरे ने रोहा का नाम बदनाम किया है। पूरे राज्य में उनकी पहचान घोटालेबाज के रूप में है। अब रोहा का नाम और बदनाम होने से पहले ही उन्हें रोहा से बाहर कर देना चाहिए। वे धोखा देने वाले व्यक्ति हैं। मैंने उन पर जो आरोप लगाए हैं, वो पूरी तरह सही हैं। तटकरे परिवार पर हमला बोलते हुए दलवी ने बिना नाम लिए अदिती तटकरे और अनिकेत तटकरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं।।
