मुख्यपृष्ठस्तंभझांकी: बेशर्म सेल

झांकी: बेशर्म सेल

अजय भट्टाचार्य

भाजपा के सयाने थूककर चाटने में सिद्ध हस्त हैं। सोनम वांगचुक को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद भाजपा का आईटी सेल सक्रिय हुआ। उसने दरबारी पत्रकारों और अपने ट्रोलरों को एक कथित मेडिकल रिपोर्ट व्हॉट्सऐप पर फेंकी, जिसमें यह लिखा गया कि सोनम वांगचुक ने स्वयं से इसकी इजाजत दी है, जिसके आधार पर उनकी मेडिकल जांच हो रही है। आईटी सेल मुखिया सहित सभी दरबारी पत्रकारों व ट्रोलरों ने इसे बिना सोचे-समझे एक जैसी सूचना को वायरल करना शुरू कर दिया। सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी १८ जुलाई को तड़के हुई थी और इस कथित मेडिकल रिपोर्ट पर १३ जुलाई दर्ज है/थी। सहमति की हेंडराइटिंग भी सोनम की नहीं बताई जा रही है। जब सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे पकड़ लिया तो कई दरबारी पत्रकार इसे डिलीट करने लगे। सोचिए बार-बार पकड़े जाने के बावजूद यह गिरोह कितनी बेशर्मी से झूठ बोलता/फैलाता है। दरअसल, आईटी सेल का नाम बेशर्म सेल होना चाहिए।
प्रशासक प्रचारक
उत्तर प्रदेश में वापसी की जुगाड़ में लगे बाबाजी की सरकार ने ८२६ ब्लॉक प्रमुखों को कार्यकाल खत्म होने के बाद अगले चुनाव तक के लिए प्रशासक नियुक्त कर दिया है। इस तरह कार्यकाल खत्म होने के बाद भी ब्लॉक प्रमुख अपने पद पर बने रहेंगे। इसके पहले करीब ५७ हजार ग्राम प्रधानों व ७५ जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक नियुक्त किया गया था। जाहिर है यह अहसान उतारने के लिए यही ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधान विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रचार और सहयोग करेंगे। सरकारी पैसे से भाजपा का काम करने/कराने का यह प्रयोग संयोगवश नहीं है।
जनता जिम्मेदार!
उत्तर प्रदेश में लूट-खसोट करने वालों के हौसले बुलंद क्यों हैं? क्योंकि सत्ता और संगठन उनका समर्थन करते हैं। राममंदिर चंदा-चढ़ावा चोरी और चोरों के पक्ष में पहले ऐरे-गिरे स्वघोषित हिंदू संगठनों ने बयान दागा कि हिंदुओं का मंदिर, हिंदुओं ने चंदा दिया और अगर हिंदुओं ने उसमें चोरी की तो इसमें बाहर वाले का क्या काम? यह घर का मामला है, हम घर में ही संभाल लेंगे। अब उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के मुताबिक, राम मंदिर के चंदे में जिनका पैसा चोरी हुआ, उन्होंने ‘सच्ची श्रद्धा’ से दान नहीं दिया था। यानी सरकार की कोई नाकामी नहीं है, सारा दोष जनता की नीयत का है! मतलब भाजपा सरकार अब अपराध रोकने के बजाय जनता की श्रद्धा का ऑडिट करेगी?
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं तथा व्यंग्यात्मक लेखन में महारत रखते हैं।)

अन्य समाचार