सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
गत एक सितंबर को सुल्तानपुर जिले के वरिष्ठ पत्रकार सतीश पांडेय (४८) की दिमागी बुखार से मृत्यु हो गई थी। वे लखनऊ से प्रकाशित एक हिंदी दैनिक के ढाई दशक से ज़िला संवाददाता के पद पर कार्यरत थे। शहर के निकटवर्ती गोसाईंगंज थानांतर्गत गांव अन्नपूर्णानगर के मूल निवासी दिवंगत पांडेय की जिले की पत्रकारिता में अच्छी साख रही। उनके निधन पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए अपनी ओर से ५० हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
इस आर्थिक राशि को प्रदान करने के लिये समाजवादी पार्टी सुल्तानपुर के जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव व पूर्व विधायक अरुण वर्मा उनके पैतृक आवास पहुंचे। स्व.पांडेय के पिता हरिराम पांडेय से मिलकर सपा मुखिया की ओर से संवेदना जताई व राशि प्रदान की। इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अमित यादव, सत्तम प्रजापति, चंद्रशेखर वर्मा, पवन तिवारी, मोनू यादव, मोनू सिंह, जयसिंह वर्मा, टिल्लू वर्मा, प्रधान रामयज्ञ यादव, राजेश वर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।
