-बाबू के एन सिंह मेमोरियल क्रिकेट लीग
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
पंत स्टेडियम में खेली जा रही बाबू के एन सिंह मेमोरियल अंडर-14 क्रिकेट लीग के चौथे दिन गुरुवार को सेंट जेवियर्स क्रिकेट अकादमी ने आदित्य क्रिकेट अकादमी को 27 रनों से हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
इसके पूर्व सुबह सेंट जेवियर्स ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 30 ओवरों के मैच में टीम महज 129 रनों पर 26वें ओवर में ही ढेर हो गई। आयुष तिवारी ने सर्वाधिक 28 रनों का योगदान किया। आदित्य क्रिकेट अकादमी की ओर से शिवा ठाकुर ने पांच ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट झटके। सैफ ने दो विकेट लिए।
रनों का पीछा करने उतरी आदित्य की टीम सेंट जेवियर्स की धारदार गेंदबाजी के सामने 102 रनों पर धराशायी हो गई। सेंट जेवियर्स ने 27 रनों से मैच जीत लिया। प्रणव यादव और मोहम्मद वारिस ने 2-2 विकेट हासिल किए। रिजवान और श्वेत ने अंपायरिंग की और सुशील ने स्कोरर की जिम्मेदारी निभाई।
