-कौंधियारा पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी, सीसीटीवी और अन्य पहलुओं से जांच में जुटी टीम
सामना संवाददाता / प्रयागराज
कौंधियारा थाना क्षेत्र से 15 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को किशोरी के पिता ने सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कौंधियारा अब्दुस सलाम खान से मुलाकात कर बेटी की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई।
परिजनों के अनुसार, घटना 17 जून की रात की है। परिवार के सभी सदस्यों ने साथ बैठकर खाना खाया था, जिसे किशोरी ने ही बनाया था। इसके बाद सभी लोग घर की छत पर सोने चले गए। सुबह करीब छह बजे जब परिजनों की नींद खुली, तो किशोरी अपने बिस्तर पर नहीं मिली।
परिजनों ने घर के अंदर काफी खोजबीन की। नीचे का कमरा अंदर से बंद था, जिसे चाबी से खोलकर देखा गया, लेकिन वहां भी किशोरी का कोई पता नहीं चला। बाद में पता चला कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद पड़ोस के रास्ते से बाहर निकलकर दरवाजा खोला गया और आसपास तलाश शुरू की गई।
तलाशी के दौरान परिजनों को पता चला कि किशोरी के कुछ कपड़े और घर में रखे दो मोबाइल फोन भी गायब हैं। इसके बाद रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। किशोरी के भाई अकिल ने भी कई स्थानों पर जाकर जानकारी जुटाई।
परिजनों का कहना है कि मैदा स्थित समृद्धि फ्यूल स्टेशन पर पूछताछ के दौरान कर्मचारियों ने बताया कि एक किशोरी एक युवक के साथ वहां पहुंची थी और उसने करीब 10 हजार रुपये निकाले थे। इस जानकारी के बाद परिजनों ने पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।
एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
