सीमा श्रीवास्तव
ऑस्कर विजेता निकोल किडमैन की हालिया खबरों को लेकर प्रशंसकों के मन में कई सवाल हैं। कौन है वो जिसके साथ आजकल वह घूम रही है। दरअसल इस अभिनेत्री को हाल ही में इटली के पोर्टोफिनो में निजी इक्विटी व्यवसायी माइकल रेनस्टीन के साथ पूल के किनारे छुट्टियां मनाते हुए देखा गया, जिससे यह अटकलें लगने लगीं कि हाल ही में अलग हुई इस अभिनेत्री को शायद फिर से प्यार मिल गया है। निकोल के कीथ अर्बन से तलाक को अंतिम रूप दिए जाने के कुछ ही महीनों बाद, इन दोनों को शानदार बेलमंड स्प्लेंडिडो होटल में ड्रिंक्स का आनंद लेते और हंसते हुए दिखाया गया है। बताया जाता है कि माइकल लॉस एंजिल्स, कैलिफोर्निया में रहने वाले एक प्राइवेट इक्विटी कारोबारी हैं। कैलिफोर्निया के मूल निवासी माइकल ने यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया से स्नातक की पढ़ाई की और उसके बाद पेप्परडाइन यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री हासिल की। व्यापार जगत में अपनी पहचान बनाने से पहले, माइकल ने हॉलीवुड की टैलेंट एजेंसी आईसीएम पार्टनर्स में काम किया और यहां तक कि पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के कार्यालय में जूनियर स्टाफ के रूप में भी कुछ समय बिताया है। हालांकि, निकोल ने माइकल के साथ अपने रोमांटिक रिश्ते की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है। दोनों ने साथ रहने के दौरान भी सार्वजनिक रूप से दूर रहने का काम किया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि दोनों की पहली मुलाकात कैसे हुई।
स्पाइडर मैन की क्लियोपेट्रा
मिस्र की सुंदर, कामुक व रहस्यमयी रानी थी क्लियोपेट्रा, जिसकी पोशाकें भी अपने आप में फैशन की दुनिया का आकर्षण रही हैं। हालांकि, उस तरह दिखने का मतलब भी दूसरे अर्थों में लोग लेते हैं, मगर इधर जब अभिनेत्री जेंडाया ने अपनी स्पाइडर-मैन फिल्म के प्रीमियर के लिए इस वेब ड्रेस को पहनकर मिस्र की महिला की तरह चलते हुए प्रदर्शन किया तो सब हैरान रह गए। उसके बालों का स्टाइल क्लियोपेट्रा जैसा था। २९ वर्षीय इस अमेरिकी स्टार ने चीन के शंघाई में स्पाइडर ब्रोच के साथ यह आउटफिट पहना था। उसकी एक और ब्लॉकबस्टर फिल्म, द ओडिसी, जिसमें उनके पति टॉम हॉलैंड भी हैं, वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर शीर्ष पर है। स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे अगले हफ्ते रिलीज हो रही है। पिछले हफ्ते, हॉलीवुड की गोल्डन गर्ल जेंडाया ने खुलासा किया कि वह १२ महीनों की कड़ी मेहनत के बाद शोबिज से ब्रेक ले रही हैं। होमर की प्राचीन महाकाव्य कविता पर आधारित तीन घंटे की फिल्म के न्यू यॉर्क प्रीमियर में अपनी योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने कहा, ‘कभी-कभी आपको थोड़ी देर के लिए गायब हो जाने की जरूरत होती है।’ यह स्टार सबसे अधिक मांग वाली अभिनेत्रियों में से एक है और इस साल ही उसने परियोजनाओं के प्रचार के लिए पांच बड़े प्रेस टूर किए हैं। फिलहाल क्लियोपेट्रा की तरह दिखकर उसने स्पाईडर मैन फिल्म को और अधिक रहस्यमयी बना दिया है।
