मुख्यपृष्ठनए समाचारपीएम मोदी के ‘बालसखा' की जमीन का मामला...मीरा रोड की जमीन रजिस्ट्री...

पीएम मोदी के ‘बालसखा’ की जमीन का मामला…मीरा रोड की जमीन रजिस्ट्री भिवंडी में!

-नियम ताक पर रख भिवंडी में हुई थी रजिस्ट्री, जांच के आदेश

सुरेश गोलानी / मुंबई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बालसखा रहे अजगरभाई वोरा की मीरा रोड स्थित जमीन पर कथित कब्जे और फर्जीवाड़े के मामले में आखिरकार प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मुद्रांक एवं पंजीयन विभाग (ठाणे ग्रामीण) के सह जिला निबंधक वर्ग-१ वरुणकुमार सहारे ने रजिस्ट्री में हुई अनियमितताओं की तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं। सह जिला निबंधक कार्यालय द्वारा १८ नवंबर २०२६ को सह दुय्यम निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) भिवंडी क्र. ३ को आधिकारिक पत्र भेजा गया है। जिसमें नियमों के तहत जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया है। आदेश के मुताबिक, मौजे नवघर (पुराना सर्वे क्र. २४०, नया १८५ हिस्सा क्र.६ ) की कुल २,८१० वर्ग मीटर जमीन में से ५० प्रतिशत यानी १,४०५ वर्ग मीटर हिस्सा मेसर्स सेव्हन इलेव्हन कंस्ट्रक्शन प्रा. लि. ने मार्विन जोसेफ फर्नांडिस, बेरीज मार्विन फर्नांडिस और एडिस कपिल जोशी की सहमति से मुकेश सी. पारेख को बेचा था। दस्तावेज के तहत यह करारनामा (एग्रीमेंट फॉर सेल) दर्ज हुआ था। आरोप है कि मीरा-भायंदर क्षेत्र की संपत्तियों का पंजीयन सह दुय्यम निबंधक कार्यालय क्रमांक ४, ७ और १० में होना अनिवार्य है, लेकिन नियमों को दरकिनार कर यह दस्तावेज भिवंडी-३ कार्यालय में दर्ज किया गया। विभाग ने ऐसे सभी संदिग्ध दस्तावेजों की सूची और विस्तृत खुलासा रिपोर्ट बिना किसी देरी के सौंपने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि पीएम मोदी के बचपन के मित्र अजगरभाई वोरा ने १९८१ में नवघर गांव में २,८१० वर्ग मीटर जमीन खरीदी थी, जिसके आधे हिस्से के ‘फर्जी’ दस्तावेज बनाकर ‘सेव्हन इलेव्हन कंस्ट्रक्शन’ को बेचने का आरोप है। २३ अक्टूबर २०२६ को मुख्य विक्रेता दर्शाए गए ८६ वर्षीय मार्विन फर्नांडिस ने पुलिस बयान में खुलासा किया कि उनसे धोखे से कागजातों पर हस्ताक्षर लिए गए थे। इस मामले में मुद्रांक विभाग मुकेश पारेख को ५९.३३ लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी चोरी का नोटिस भी जारी कर चुका है।

अन्य समाचार