राजेश सरकार
प्रयागराज। यमुनानगर जोन के नैनी चकराना तिवारी कस्बे में आग लगने की एक बड़ी घटना हुई। एक घर में परिवार जब गहरी नींद में था तभी अचानक आग लगी थी। तेज आंच लगने से पूरा परिवार हड़बड़ी में उठा और जान बचाते हुए घर से बाहर निकल गया। थोड़ी ही देर में भयानक लपटें उठती दिखाई दे रही थी। आग लगने से लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है। चकराना तिवारी कस्बे में मंगलवार रात दो बजे के आसपास आग लगने की घटना हुई। जिसमें परिवार तो सुरक्षित बच गया लेकिन आग से नगदी, जेवर, कपड़े, फ्रीज, वाशिंग मशीन,अनाज आदि करीब दो लाख रुपये के सामान जलकर राख हो गए। आग को बुझाने मे केंद्रीय आयुध भंडार सीओडी की फायर ब्रिगेड गाड़ी के साथ नैनी अग्निशमन केंद्र के दमकल कर्मियों ने कई घंटे परिश्रम के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। लेकिन आग लगने के बाद कस्बे में अपरा तफरी मची रही। जानकारी के अनुसार आग लगने की यह घटना चकराना तिवारी के हरदेव प्रसाद सिंह के मकान में हुई थी। उसे वक्त पूरा परिवार गहरी नींद में था। आज और धुआं फैलने से परिजन की नींद खुली और सामने का मंजर देख कर उनके होश उड़ गए। फिर सबने मिलकर पहले आग बुझाने का प्रयास किया। कोशिश नाकाम होता देख घर के लोगों ने बुद्धिमानी का परिचय देते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सुचना पर सीओडी छिवकी और नैनी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आनन-फानन में मौके पर पहुंच गई थी। आग मकान के दूसरी व तीसरी मंजिल पर लगी थी। परिवार के अनुसार आग लगने से नगदी, जेवरात, फ्रीज, कूलर, वाशिंग मशीन, अनाज, कपड़े, फर्नीचर समेत अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गए। अग्निशमन कर्मियों ने आग से नुकसान की सूची बनाकर नैनी थाने में सूचना दर्ज कराने को कहा है।
