मुख्यपृष्ठसमाचारपेड़ पर चढ़ प्रेमिका ने उतारी थी प्रेमी अतुल की लाश

पेड़ पर चढ़ प्रेमिका ने उतारी थी प्रेमी अतुल की लाश

 – पुलिस की पूछताछ में कबूला सच…बोली-अतुल ने उसके दुपट्टे से लगाई थी फांसी

राजेश सरकार / प्रयागराज

प्रेमी अतुल कुमार ने शादी से इंकार करने पर प्रेमिका के दुपट्टा को फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। दुपट्टा उसकी प्रेमिका का था, जिसने शादी से इंकार कर दिया था। दुपट्टा से पहचाने जाने के डर से प्रेमिका ने घटना के दूसरे दिन भोर में जल्दी उठकर मिलने वाले स्थान पर पहुंची तो देखा कि अतुल का शव दुपट्टा से लटका हुआ है। इस पर उसने किसी तरह पेड़ पर चढ़ कर दुपट्टा काट दिया, जिससे प्रेमी अतुल की लाश नहर किनारे गिरी थी। इसके बाद दुपट्टा लेकर वहां से घर भाग आई। इस आपाधापी में उसके एक पैर का चप्पल मौके पर छूट गया था। अतुल से शादी करने से मना करने के बाद जब वह घर चली गई तो अनहोनी की आशंका से उसने प्रेमी अतुल को करीब सौ दफे कॉल किया था। जवाब नहीं मिलने पर वह नहर किनारे पहुंची थी। प्रेमी के शव के पास वह काफी देर तक रोती रही, फिर पुलिस की पूछताछ और लोकलाज के भय से वहां से भाग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जब अतुल का मोबाइल चेक किया तो देखा कि उसमें एक नंबर से करीब सौ बार कॉल किया गया था। शक होने पर पुलिस ने प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो उसने आपबीती बताई। हालांकि, पुलिस को उसकी बात पर पूरा यकीन नहीं हो रहा है। जांच-पड़ताल की जा रही है।
यह थी घटना
बता दें कि मंगलवार सुबह गंगानगर के सोरांव पसियापुर गांव में नहर किनारे 20 वर्षीय अतुल कुमार का शव मिला था। शव के पास ही एक पैर की चप्पल पड़ी मिली थी। अतुल कुमार मऊआइमा स्टेशन रोड का रहने वाला था। पुलिस को उसके मोबाइल में उसकी प्रेमिका के काफी मिस्ड कॉल मिली। इसके बाद प्रेमिका से पूछताछ की गई। पुलिस को प्रेमिका ने बताया कि अतुल के घर के पास उनके मामा रहते हैं। अक्सर वो मामा के घर जाती रहती है। आते-जाते अतुल से सम्पर्क हुआ। फिर नजदीकी बढ़ती गई। दोनों एक-दूसरे को प्यार करने लगे। सोमवार रात को प्रेमिका अपने गांव के नहर किनारे अतुल से मिलने पहुंची थी। अतुल ने उससे भाग कर शादी करने की जिद की। लेकिन उसने ऐसा करने से मना किया। उसका कहना था कि उसकी दो बड़ी बहनें हैं। यदि वह भाग गई तो बहनों की शादी नहीं होगी। समाज में बदनामी भी होगी। अतुल कहने लगा कि अगर तुम नहीं चलोगी तो हम जान दे देंगे। इतना कहकर उसने प्रेमिका का दुपट्टा खींच लिया था।

अन्य समाचार