बॉलीवुड सितारों के प्रेम, ब्रेकअप, दोस्ती और दुश्मनी के राज खुलवाने वाला करण जौहर का चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ अब अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। करण ने घोषणा की है कि शो का नौवां सीजन इसका आखिरी संस्करण होगा। करीब २२ वर्षों तक चले इस कार्यक्रम ने हिंदी फिल्म उद्योग को कई विवादास्पद बयान, चर्चित रैपिड फायर और यादगार जोड़ियां दीं। करण की घोषणा के बाद प्रशंसक भावुक होने के साथ यह जानने को भी बेचैन हैं कि विदाई सीजन में कौन-कौन से सितारे करण के सोफे पर बैठेंगे। अतिथियों की आधिकारिक सूची अभी सार्वजनिक नहीं हुई है। ऐसे में शाहरुख खान, सलमान खान, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण जैसे सितारों को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। सवाल यह भी है कि अंतिम सीजन केवल पुराने विवादों की याद दिलाएगा या करण विदाई से पहले कुछ नए राज भी खुलवाएंगे। इतना तय है कि बॉलीवुड की ‘कॉफी’ का यह आखिरी कप फीका नहीं रहने वाला।
