राजेश सरकार
प्रयागराज। कड़ाके की ठंड और कोहरे में दूर-दराज से नैनी क्षेत्र में आने वाले पथिकों को सुरक्षित और व्यवस्थित रात्रि विश्राम की व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम द्वारा संचालित रैन बसेरा का निरीक्षण नायब तहसीलदार करछना संध्या गोस्वामी ने किया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण में व्यवस्थाएं ठीक और किसी तरह की आपत्तिजनक वस्तुएं एवं गतिविधियां देखने को नहीं मिली।
बता दें कि शासन द्वारा ठंड की तीव्रता को देखते हुए पथिकों और फुटपाथ पर रात गुजारने वालों के लिए सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत नगर निगम प्रयागराज द्वारा नैनी में रैन बसेरा संचालित कराया जा रहा है। जिसकी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के लिए बुधवार की रात नायब तहसीलदार करछना संध्या गोस्वामी ने मौके पर पहुंच कर जांच किया। रैन बसेरे में रुकने वाले यात्रियों के लिये नगर निगम द्वारा ठंड से बचाव के लिए , रजाई, गद्दा, पेयजल, शौचालय और साफ सफाई की उत्तम व्यवस्था देख नायब तहसीलदार ने संतुष्टी जाहिर किया। उन्होंने धुम्रपान निषेध का पालन करते रहने के निर्देश दिए। ताकि रैन बसेरों में आग लगने की अप्रिय घटनाएं नहीं हो सके। नशे आदि से परहेज बरतने के भी सख्त निर्देश मुसाफिरों को दिए।
