सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
पूर्वी उत्तर प्रदेश में अपनी स्वादिष्ट और जायकेदार मिठाइयों के लिए मशहूर सुल्तानपुर के प्रतिष्ठान ‘अवंतिका स्वीट्स’ की धमक अब दिल्ली के भारतमंडपम में चल रहे इंटरनेशनल ट्रेड फेयर तक जा पहुंची है। इस ट्रेडफेयर के यूपी पवेलियन में ‘एक जिला एक उत्पाद’ के अंतर्गत पहचान कायम करने वाला ‘लाल पेड़ा’ लोगों के आकर्षण का केंद्र बन चुका है। इस पेड़े को ट्रेड फेयर में खूब सराहना मिल रही है।
सुल्तानपुर की ‘अवंतिका स्वीट्स’ (अवंतिका का पेड़ा) का लाल पेड़ा इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया है। केंद्र सरकार के मंत्री गिरिराज सिंह हों या प्रख्यात गायिका मालिनी अवस्थी अथवा यूपी सरकार के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल, सभी इस लाल पेड़े के स्वाद की तारीफ कर चुके हैं। ‘अवंतिका’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष आर्य को ट्रेड फेयर में पहुंचे विभिन्न देशों के प्रतिनिधि ड्राई फ्रूट से निर्मित इस लाल पेड़े का अपने देश में भी आयात करने का आग्रह कर चुके हैं।
