मुख्यपृष्ठनए समाचारमहिला क्रिकेट टीम ने ‘महाकाल दर्शन’ से नए साल की शुरुआत की

महिला क्रिकेट टीम ने ‘महाकाल दर्शन’ से नए साल की शुरुआत की

मुंबई। नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही देशभर में धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। इसी कड़ी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी वर्ष की शुरुआत उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ की। महिला क्रिकेटरों की महाकाल दर्शन से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

नए साल के अवसर पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम उज्जैन पहुंची, जहां खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल के दर्शन किए और प्रातःकालीन भस्म आरती में भी सहभागिता की। टीम ने आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों और बेहतर प्रदर्शन के लिए भगवान महाकाल से आशीर्वाद लिया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला खिलाड़ी मंदिर परिसर में चल रहे भजनों के दौरान आम श्रद्धालुओं के बीच बैठकर ताली बजाती और भक्ति में लीन नजर आ रही हैं। वहीं कुछ तस्वीरों में खिलाड़ी नंदी के पास बैठकर फोटो खिंचवाती दिखाई दीं।

इसके अलावा, कुछ वीडियो में महिला क्रिकेटरों को बाबा महाकाल की चुनरी धारण किए हुए भी देखा गया। भस्म आरती के दौरान खिलाड़ी पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में शामिल रहीं। मंदिर के पंडितों ने विधिवत पूजन कर खिलाड़ियों के माथे पर तिलक लगाया।

महिला क्रिकेट टीम के इस धार्मिक दौरे को लेकर श्रद्धालुओं और प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। नए साल की शुरुआत आस्था और विश्वास के साथ करने का यह दृश्य सोशल मीडिया पर भी खूब सराहा जा रहा है।

अन्य समाचार