सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में ऑनलाइन गेम्स के कारण युवा आत्महत्या कर रहे हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि ऐसे गेम्स पर प्रतिबंध लगाने वाला कोई कानून नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि वे ऑनलाइन गेम्स पर प्रतिबंध लगाने के लिए केंद्र सरकार को एक सख्त कानून बनाने के लिए पत्र लिखेंगे।
विधायक कैलास पाटील ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से इस गंभीर मुद्दे को सदन में उठाया था। धाराशिव जिले के एक युवक लक्ष्मण जाधव ने ऑनलाइन गेम्स की लत के कारण अपना घर और खेत बेच दिया। इसके बाद भुगतान न कर पाने पर, उसने अपनी गर्भवती पत्नी और दो साल के बेटे को जहर दे दिया और फिर आत्महत्या कर ली। वैâलास पाटील ने इस तथ्य की ओर ध्यान आकर्षित किया कि ऑनलाइन गेम्स युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहे हैं। खेत और घर बेचे जा रहे हैं और सेलिब्रिटी इन गेम्स का विज्ञापन करके युवाओं को इस लत की ओर आकर्षित कर रहे हैं।
उन्होंने इसे रोकने के लिए एक सख्त कानून की मांग की। उन्होंने कहा कि डांस बार प्रतिबंध की तरह ऑनलाइन गेम्स को लेकर भी एक साहसिक निर्णय लिया जाना चाहिए। इस गंभीर सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि पिछले चार-पांच सालों में ऑनलाइन गेम्स का रोग तेजी से बढ़ा है। लेकिन राज्य में इसे नियंत्रित करने के लिए फिलहाल कोई कानून नहीं है। फडणवीस ने कहा कि चूंकि ये गेम्स विदेशों से संचालित हो रहे हैं इसलिए केंद्र स्तर पर एक कानून बनाना होगा।
