मुख्यपृष्ठनए समाचारसरकार को उखाड़ फेंकने का यही है सही समय! ...विधायक सतेज पाटील...

सरकार को उखाड़ फेंकने का यही है सही समय! …विधायक सतेज पाटील का सरकार को अल्टीमेटम

– ‘शक्तिपीठ’ रद्द कराने के लिए जुटी विशाल भीड़
सामना संवाददाता / मुंबई
फडणवीस सरकार सत्ता के बल पर मनमानी कर रही है, लेकिन जिन्होंने आपको सत्ता में बैठाया, वही किसान आपको झुकने पर मजबूर करेंगे। हमें नया संघर्ष नहीं करना है। जब तक शक्तिपीठ परियोजना रद्द नहीं होती, हमारा आंदोलन जारी रहेगा, ऐसा चेतावनी भरा बयान विधायक सतेज पाटील ने दिया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब सरकार किसानों की कर्जमाफी के लिए पैसे नहीं होने की बात कहती है तो फिर एक लाख करोड़ रुपए की हाईवे परियोजना के लिए पैसा कहां से लाएगी?
सतेज पाटील कामेरी में शक्तिपीठ महामार्ग रद्द करने की मांग को लेकर आयोजित विशाल किसान एल्गार सभा में बोल रहे थे। इस सभा में पूर्व सांसद राजू शेट्टी, विधायक जयंत पाटील, विधायक शिवाजी नाईक, पूर्व विधायक मानसिंगराव नाईक, देवराज पाटील, नगराध्यक्ष आनंदराव मलगुंडे, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के जिलाध्यक्ष अभिजीत पाटील, डॉक्टर भारत पाटणकर, सभापति उदयसिंह पाटील, कॉमरेड धनाजी गुरव, बी. जी. पाटील, विजय पाटील, सी. बी. पाटील, पी. आर. पाटील, सरपंच रंजीत पाटील, अनिल पाटील, सुनील पाटील, शहाजी पाटील, दि. बा. पाटील सहित कई लोग उपस्थित थे। सतेज पाटील ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिंदे ने उस समय किसानों से शक्तिपीठ परियोजना रद्द करने का जो वादा किया था, उसे पूरा किया जाना चाहिए।
ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का खेल
८६ हजार करोड़ रुपए की परियोजना बढ़कर एक लाख करोड़ से अधिक की हो गई? यह केवल ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का खेल है। यदि सरकार के पास अतिरिक्त पैसा है तो उसे छत्रपति शिवाजी महाराज के किलों की मरम्मत में लगाना चाहिए, किसानों, बेरोजगारों और आम जनता को राहत देनी चाहिए।

 

अन्य समाचार