मुख्यपृष्ठटॉप समाचार‘यह युवा हिंदुस्थान है... झुकेगा नहीं'

‘यह युवा हिंदुस्थान है… झुकेगा नहीं’

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिए बिना शांत नहीं बैठेंगे

आदित्य ठाकरे की चेतावनी

सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने इस दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक इस्तीफा नहीं लिया जाता, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे। उन्होंने युवाओं से एकजुट होने का संदेश देते हुए इस लड़ाई को तब तक जारी रखने का आह्वान किया।
‘भारत माता की जय…’ और ‘वंदे मातरम…’ के नारों के साथ आदित्य ठाकरे ने इस आंदोलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि छात्रों और देश का आंदोलन है। आंदोलन कर रहे छात्रों को कोई हाथ न लगाए, इसलिए हम यहां आए हैं। शायद आप हमें वोट न भी देते हों, लेकिन वह आपका लोकतांत्रिक अधिकार है। मतभेद हो सकते हैं, लेकिन विरोध करने के हर किसी के अधिकार को हम हमेशा स्वीकार करेंगे।’
‘वांगचुक ने अनशन तोड़ दिया है, लेकिन आंदोलन जारी है’
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा २५ दिनों के बाद अपना आमरण अनशन समाप्त करने पर आदित्य ठाकरे ने उनका आभार व्यक्त किया। आदित्य ठाकरे ने कहा कि भले ही वांगचुक ने अनशन वापस ले लिया है, लेकिन आंदोलन अभी भी जारी है। दिल्ली में अभिजीत दिपके और अन्य युवा आंदोलन कर रहे हैं और हमारी आवाज भी दिल्ली तक पहुंचनी चाहिए।
‘इतने अत्याचार के बाद क्या आप मोदी के मित्र बन सकते हैं?’
आदित्य ठाकरे ने इस दौरान इंस्टाग्राम के एक वीडियो का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने उपस्थित युवाओं की भीड़ से सवाल पूछा, ‘लाठियां खाने के बाद क्या हम उनके मित्र बन सकते हैं? आंसू गैस का सामना करने के बाद क्या आप उनके मित्र रह सकते हैं? जब-जब वो डरते हैं, हिंदू-मुस्लिम करते हैं’, ऐसा करने वालों के क्या आप मित्र हो सकते हैं? संकट के समय हमारे साथ न रहकर विदेश चले जाने वालों के क्या आप मित्र बन सकते हैं? पेपर लीक के बाद और संविधान के साथ अन्याय करने वालों के क्या आप मित्र बन सकते हैं? क्या प्रधान के इस्तीफे तक आप शांत बैठेंगे?’ इन सभी सवालों पर भीड़ ने ‘नहीं’ कहकर ज़ोरदार प्रतिक्रिया दी।
‘प्यार से आओगे तो प्यार, डराने आओगे तो दर्द मिलेगा’
आदित्य ठाकरे ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि महाराष्ट्र छत्रपति शिवाजी महाराज, महामानव डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे की भूमि है। यह भूमि किसी के डर के आगे नहीं झुकेगी। अगर प्यार से चर्चा करने आओगे तो प्यार मिलेगा, लेकिन डराने आओगे तो दर्द मिलेगा।

अन्य समाचार