मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
भारत-नेपाल के सीमावर्ती जिले महराजगंज में गुरुवार को गंडक नदी से तीन शव बरामद किए गये। अधिकारियों ने बताया कि इन शवों में दो महिलाओं के शव भी शामिल हैं। आशंका है कि ये शव नेपाल में आई भीषड़ तबाही वाले बाढ़ के कारण बहकर भारतीय क्षेत्र में आ गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सशस्त्र सीमा बल की एक बचाव टीम नदी और आसपास के इलाकों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टीम ने तेज धारा में बहते हुए शवों को देखा। टीम ने मोटरबोट का इस्तेमाल कर शवों को नदी से बाहर निकाला। इन शवों को जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी में भेजा गया है। मृतकों की पहचान तत्काल नहीं हो पाई है। उनकी पहचान स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं की जा रही हैं।
एसएसबी इंस्पेक्टर अरुण पांडे ने बताया कि अब तक भारतीय क्षेत्र में नेपाल से गंडक नदी में बहकर आए तीन शव बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल में भारी बाढ़ के कारण नदी तेजी से बह रही है। आशंका है कि और भी शव भारतीय क्षेत्र में बहकर आ सकते हैं। एसएसबी और जिला प्रशासन मृतकों के परिजनों का पता लगाने के लिए नेपाल के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं। यूपी में प्रशासन ने महराजगंज और कुशीनगर को अलर्ट पर रखा गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में भी जल्द बाढ़ का पानी बढ़ेगा।अब तक नेपाल त्रासदी में 288 भारतीयों के लापता होने की खबर है। चूंकि यहीं से मानसरोवर जाने का भी रास्ता है इस लिये इसकी चपेट में श्रद्धालुओं के आने की ज्यादा संभावना है। भारत नेपाल सीमा से प्रतिदिन लाखों लोग बॉर्डर के दोनों ओर आते जाते हैं।
