सामना संवाददाता / जौनपुर
मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में आयोजित सिविल सर्विसेज स्पोर्ट्स ट्रायल एवं चयन मीट 2026-27 के तहत दो दिवसीय राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में वाराणसी मंडल के पंचायती राज विभाग, जौनपुर जिले के महाराजगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत अधिकारी विनय कुमार यादव का नेशनल सिविल सर्विसेज के लिए चयन हुआ है।
प्रतियोगिता ज्योति प्रकाश ओझा, समीक्षा अधिकारी, सचिवालय, उत्तर प्रदेश शासन एवं कोच गौरव त्यागी की देखरेख में संपन्न हुई। विनय कुमार यादव के चयन पर जनपद के पंचायती राज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
नेशनल सिविल सर्विसेज के लिए चयनित होने पर महाराजगंज ब्लॉक पंचायत सेक्रेटरी संघ के अध्यक्ष विनय कुमार यादव को बधाई देने वालों में उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी जौनपुर नवीन कुमार सिंह, महाराजगंज ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी दिनेश मौर्य तथा बदलापुर ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी पंचायत रणजीत सिंह शामिल हैं।
प्रदेश स्तरीय सिविल सर्विसेज स्पोर्ट्स ट्रायल एवं चयन मीट 2026-27 का आयोजन कैलाश प्रकाश स्टेडियम, मेरठ में किया गया था। इसमें उत्तर प्रदेश के 18 मंडलों से विभिन्न विभागों के कुल 150 खिलाड़ी मंडल स्तर पर चयनित होकर पहुंचे थे। इनमें ओपन पुरुष वर्ग के 17, महिला ओपन वर्ग की 14, 40 से 60 आयु वर्ग के 14 पुरुष तथा इसी आयु वर्ग की चार महिला खिलाड़ियों का चयन नेशनल सिविल सर्विसेज के लिए हुआ है।
चयनित खिलाड़ियों में राजस्व विभाग, आजमगढ़ मंडल से एसडीएम सुनील कुमार भारती, न्याय विभाग, आगरा मंडल से एडीजे महेश चंद्र वर्मा, सचिवालय, उत्तर प्रदेश शासन से समीक्षा अधिकारी पंकज मिश्रा तथा वाराणसी मंडल के पंचायती राज विभाग से ग्राम पंचायत अधिकारी विनय कुमार यादव शामिल हैं। महिला वर्ग में जौनपुर के आबकारी विभाग से अनीता सिंह का भी नेशनल सिविल सर्विसेज के लिए चयन हुआ है।
विनय कुमार यादव के चयन से जनपद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खुशी की लहर है। मौके पर उपस्थित जनपद जौनपुर के पूर्व जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने विनय कुमार यादव का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नेशनल प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया।
