मुख्यपृष्ठस्तंभजहरीली हवा, बीमार जनता, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था!.. सरकारी अस्पतालों में इलाज का...

जहरीली हवा, बीमार जनता, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था!.. सरकारी अस्पतालों में इलाज का टोटा

उमन गुप्ता

देश में विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावे लगातार किए जा रहे हैं, लेकिन प्रदूषित हवा अब लोगों की सेहत और जेब दोनों पर भारी पड़ रही है। सांस संबंधी बीमारियों के कारण अस्पतालों में भर्ती होने के मामलों में बढ़ोतरी इसका संकेत दे रही है। केयर हेल्थ इंश्योरेंस के वित्त वर्ष २०२५-२६ के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी के कुल अस्पताल भर्ती बीमा दावों में करीब ८.२ प्रतिशत मामले सांस संबंधी बीमारियों के थे। इनमें बच्चों और बुजुर्गों की हिस्सेदारी करीब ५८ प्रतिशत रही। सितंबर और अक्टूबर २०२५ में सांस संबंधी अस्पताल भर्ती दावों में लगातार ११-११ प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इन आंकड़ों ने प्रदूषण नियंत्रण और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सरकार के दावों पर सवाल खड़े किए हैं।
कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, १२ वर्ष तक के बच्चों की हिस्सेदारी सांस संबंधी अस्पताल भर्ती दावों में ४० प्रतिशत रही, जबकि ६० वर्ष और उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों की हिस्सेदारी १७ प्रतिशत थी। यानी प्रदूषण और सांस संबंधी बीमारियों का बोझ कमजोर आयु वर्ग पर ज्यादा पड़ रहा है। दूसरी ओर, पॉलिसीबाजार के आंकड़ों के अनुसार, प्रदूषण से जुड़ी स्वास्थ्य बीमा मांगों की संख्या २०२२-२३ के ८,८७५ से बढ़कर २०२५-२६ में ३८,५५४ हो गई। तीन वर्षों में इसमें ४.३ गुना से अधिक वृद्धि दर्ज की गई।

 

साफ हवा देना सरकार की जिम्मेदारी या इलाज का खर्च जनता उठाए?
राजधानी दिल्ली समेत देश के कई शहरों में प्रदूषण की समस्या हर साल सर्दियों में गंभीर हो जाती है। इसके बावजूद प्रदूषण रोकने के उपायों, सार्वजनिक परिवहन, निर्माण कार्यों से उठने वाली धूल और औद्योगिक उत्सर्जन पर नियंत्रण को लेकर सरकारी तैयारियां सवालों के घेरे में रहती हैं। सवाल यह है कि जब प्रदूषण का संकट हर साल लौटकर आता है तो सरकार स्थायी समाधान क्यों नहीं निकाल पा रही है? क्या साफ हवा उपलब्ध कराना भी अब आम नागरिकों की निजी जिम्मेदारी बनकर रह जाएगा?
सरकारी अस्पतालों पर कितना भरोसा?
बीमारी बढ़ने के साथ परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ भी बढ़ता है। जिनके पास स्वास्थ्य बीमा नहीं है या जिनकी बीमा राशि पर्याप्त नहीं है, उनके सामने सरकारी अस्पतालों का विकल्प बचता है। ऐसे में सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों, जांच सुविधाओं, दवाओं, बिस्तरों और सांस संबंधी बीमारियों के उपचार की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। लेकिन सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता और प्रदूषण से जुड़ी बीमारियों के इलाज की तैयारी पर देशव्यापी जवाबदेही तय करने की जरूरत है।
योजनाओं के विज्ञापन नहीं, जमीन पर चाहिए इलाज
सरकारें स्वास्थ्य योजनाओं और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार का दावा करती हैं, लेकिन आम परिवार के लिए असली राहत तभी है जब उसे समय पर डॉक्टर, जरूरी जांच और सस्ता इलाज मिले। प्रदूषण से निपटने के लिए केवल एडवाइजरी जारी करना पर्याप्त नहीं है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। सवाल साफ है कि सरकारें स्वच्छ हवा और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करेंगी या फिर बीमारी और इलाज का पूरा बोझ जनता के कंधों पर ही छोड़ दिया जाएगा?

अन्य समाचार