मुख्यपृष्ठविश्वट्रंप ने फिर उड़ाई हिंदुस्थानियों की नींद!

ट्रंप ने फिर उड़ाई हिंदुस्थानियों की नींद!

-६० दिन की मोहलत पर तलवार; एच-१बी वीजा नियम बदलने की आहट से सिलिकॉन वैली में हड़कंप
ई राज
अमेरिका में काम कर रहे हजारों भारतीय पेशेवरों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। ट्रंप प्रशासन ने नौकरी छूटने के बाद एच-१बी सहित कुछ अस्थायी कार्य वीजा धारकों को मिलने वाली ६० दिन की ग्रेस अवधि समाप्त करने का प्रस्ताव रखा है। यदि यह नियम लागू हुआ तो नौकरी जाने के बाद नई नौकरी खोजने, वीजा की स्थिति बदलने या अमेरिका छोड़ने की तैयारी के लिए मिलने वाली बड़ी राहत खत्म हो सकती है। इस समय एच-१बी कर्मचारी नौकरी छूटने के बाद अधिकतम ६० दिनों तक अमेरिका में रहकर नया नियोक्ता तलाश सकते हैं। भारतीयों के लिए यह बदलाव इसलिए अधिक गंभीर है क्योंकि वित्त वर्ष २०२४ में स्वीकृत एच-१बी आवेदनों में करीब ७१ प्रतिशत लाभार्थी भारत में जन्मे थे।
नियम लागू हुआ तो सबसे बड़ा संकट अचानक छंटनी झेलने वाले कर्मचारियों पर आएगा। नई नौकरी के साक्षात्कार, नए नियोक्ता की तलाश और वीजा स्थानांतरण की कानूनी प्रक्रिया के लिए समय बेहद कम हो जाएगा। साथ ही मकान की लीज खत्म करना, कार बेचना, बैंक संबंधी काम निपटाना और परिवार को भारत वापस भेजने जैसी व्यावहारिक परेशानियां भी बढ़ सकती हैं। सबसे अधिक मुश्किल उन परिवारों के सामने होगी जिनके बच्चे अमेरिकी स्कूलों में पढ़ रहे हैं। अचानक वापसी की स्थिति में उनकी पढ़ाई बीच सत्र में बाधित हो सकती है।

‘मिस्टर सिंह’ पर नस्लवादी विज्ञापन, अमेरिका को हटाना पड़ा
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग को भारी विरोध के बाद ‘मिस्टर सिंह’ वाला विवादित विज्ञापन हटाना पड़ा। एआई से बने इस विज्ञापन में पगड़ीधारी भारतीय मूल के व्यक्ति से कहा गया था-‘हमारी सड़कों से हटो, तुम्हें गाड़ी चलानी नहीं आती, मिस्टर सिंह।’ इसे स्व-निर्वासन अभियान से जोड़ा गया था। भारतीय-अमेरिकी और सिख संगठनों ने इसे नस्लवादी और भेदभावपूर्ण प्रचार बताया। वैâलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम और सांसद राजा कृष्णमूर्ति समेत कई डेमोक्रेट नेताओं ने भी इसकी आलोचना की। बढ़ते दबाव के बाद डीएचएस ने गुरुवार को पोस्ट हटा दी।

अन्य समाचार