रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
महालक्ष्मी के धाकलेश्वर मंदिर में वैदिक मंत्रों के साथ भगवान शालिग्राम स्वरूप विष्णु एवं देवी तुलसी का विवाह हर्षोल्लास एवं धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। धाकलेश्वर महादेव मंदिर के प्रबंधक दत्ता कोठावले के अनुसार, प्रति वर्ष की तरह ही इस वर्ष भी मंदिर में तुलसी विवाह उत्सव का आयोजन किया गया था। शनिवार शाम साढ़े 4 बजे त्र्यंबकेश्वर मंदिर से भगवान शालिग्राम की बारात ढोल ताशे के साथ निकली। वर पक्ष की ओर से वंदना राजकुमार पिपर सानिया की अगुवाई में बारती नाचते गाते धाकलेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां कन्या पक्ष की रुबीना संजय खुर्द तथा गहोई वैश्य महिला समाज द्वारा बारातियों की अगुवाई की गई। शाम 6 बजकर 51 मिनट पर शुभ मुहूर्त में पंडित हंसराज पांडेय, पंडित अशोक महाराज तथा लवलेश महाराज ने वैदिक रीति रिवाज से विवाह संपन्न करवाया। बारात में 150 बाराती शामिल हुए थे, जो रात्रि भोजन उपरांत अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किए।
