-55 किलोग्राम गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
उमेश गुप्ता / वाराणसी
वाराणसी पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिगरा पुलिस और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर कमर्शियल वाहन (छोटा हाथी) की बॉडी के नीचे गुप्त लोहे का चैंबर बनाकर की जा रही अवैध गांजे की तस्करी का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने मौके से 55 किलोग्राम गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
मामले का खुलासा करते हुए एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की तरफ से अवैध एनडीपीएस पदार्थ की एक बड़ी खेप वाराणसी के रास्ते चंदौली ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर सिगरा पुलिस टीम ने लहरतारा के पास सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध ‘छोटा हाथी’ वाहन को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया।
जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो पहली नजर में वह पूरी तरह खाली नजर आया। हालांकि, जब पुलिस अधिकारियों ने वाहन के हाइड्रोलिक सिस्टम को उठाया तो वे हैरान रह गए।
तस्करों ने वाहन की बॉडी के निचले हिस्से में लोहे की अतिरिक्त शीट लगाकर एक गुप्त चैंबर तैयार कर रखा था। जब इस चैंबर को खोला गया तो उसमें से 55 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
एसीपी शुभम सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे सिंडिकेट के मुख्य डीलर और नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचा जा सके। पुलिस मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।
