मुख्यपृष्ठस्तंभविजय-विमर्श : टीएन शेषन से ज्ञानेश कुमार तक... प्रत्यक्षं किम् प्रमाणम्?

विजय-विमर्श : टीएन शेषन से ज्ञानेश कुमार तक… प्रत्यक्षं किम् प्रमाणम्?

 विजयशंकर चतुर्वेदी

एक टीएन शेषन थे और एक ये हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त शेषन का जब तत्कालीन नरसिंह राव सरकार से टकराव हुआ, तो वह अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सर्वोच्च न्यायालय पहुंच गए थे। आज स्थिति यह है कि चुनाव आयोग के भीतर ही दो चुनाव आयुक्त अपने मुख्य चुनाव आयुक्त के पैâसलों पर लिखित आपत्ति दर्ज कर रहे हैं कि कई महत्वपूर्ण पैâसले उनकी जानकारी या सहमति के बिना लिए गए, लेकिन हर संवैधानिक संस्था में सन्नाटा है।
एक खोजी रपट के अनुसार पिछले दस महीनों में दो समकक्ष चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कम-से-कम १४ बार आपत्तियां दर्ज कीं। लेकिन आयोग यह कहकर टाल रहा है कि ये आपत्तियां महज विचार-विमर्श का हिस्सा थीं। बुनियादी सवाल यह है कि भारत का चुनाव आयोग आखिर जनता के प्रति जवाबदेह है या नहीं?
निर्वाचन संस्था वही, बस एप्रोच बदल गई
टीएन शेषन के दौर की सबसे बड़ी देन यह थी कि उन्होंने पूरी दबंगई के साथ चुनाव आयोग को सरकार से अलग एक संवैधानिक संस्था के रूप में स्थापित करने की कोशिश की। मगर आज वही स्वायत्तता पूर्णतया `कथित’ हो चुकी है। दोनों चुनाव आयुक्तों की आपत्तियां मतदाता जोड़ने, उनके नाम हटाने, फॉर्म-६ में बदलाव और मतदाता सूची के आईटी सिस्टम से जुड़ी थीं। कुछ मामलों में उन्होंने कार्रवाई को ‘अनधिकृत’ और ‘अवैध’ तक बताया तथा मतदाता सॉफ्टवेयर की विश्वसनीयता को लेकर वैâबिनेट सचिव तक अपनी चिंता पहुंचाई। लेकिन ज्ञानेश कुमार यह तक नहीं बता रहे हैं कि उन आपत्तियों का स्वरूप क्या था, उन पर क्या विचार हुआ और अंतिम निर्णय किस प्रक्रिया से हुआ।
सीईसी की नियुक्ति से कवच-कुंडल तक
मार्च २०२३ में सर्वोच्च न्यायालय ने अनूप बरनवाल मामले में कहा था कि संसद द्वारा कानून बनाए जाने तक मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश वाली समिति की सिफारिश पर हो। यानी शीर्ष अदालत ने नियुक्ति प्रक्रिया में कार्यपालिका से बाहर एक स्वतंत्र संवैधानिक पद को शामिल करके संतुलन बनाने की कोशिश की। फिर दिसंबर २०२३ आता है। संसद नया कानून बनाती है और चयन समिति से मुख्य न्यायाधीश को ही हटा दिया जाता है। अब उस तीन सदस्यीय समिति में प्रधानमंत्री और उनके नामित मंत्री एक तरफ हैं और विपक्ष का नेता दूसरी तरफ। सरकार को समिति में स्पष्ट बहुमत मिल जाता है। यानी जिस संस्था को सत्ता से स्वतंत्र रहना है, उसके शीर्ष अधिकारियों को चुनने वाली समिति में सत्ता पक्ष को दो-तिहाई प्रभाव दे दिया गया। उसी कानून में मोदी सरकार चुनाव आयुक्तों को उनके आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन से जुड़े कार्यों पर दीवानी और आपराधिक कार्यवाही से व्यापक सुरक्षा दे देती है। सीईसी की नियुक्ति में सरकार का निर्णायक प्रभाव और पद पर रहते हुए पूर्ण कानूनी सुरक्षा मोदी सरकार की मंशा को बहुत पहले स्पष्ट कर चुकी थी।
अब मतदाता सूची और आयोग के भीतर से उठता हाहाकार पूरी पोल खोल रहा है। जब चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को देश के बड़े हिस्से में लागू किया तो वही नागरिक वोट देने को तरस गए, जिन्होंने मोदी सरकार को लगातार दो कार्यकाल दिए थे। चुनाव आयोग ने उनके लिए वैध मतदाता होने के सबूत देना जीवन-मरण का प्रश्न बना दिया। लाखों आपत्तियों के बावजूद उस संदिग्ध चुनाव का पहिया किसी ने नहीं रोका। आश्चर्य की बात यह है कि जिन घुसपैठियों के नाम पर यह पूरी कवायद की गई, उसमें किसी को नहीं बताया गया कि आखिर कितने पाकिस्तानी, रोहिंग्या या बांग्लादेशी मतदाता सूची से बाहर किए गए। बस बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजे बीजेपी के पक्ष में गए। वह कवायद अब देश भर में जारी है।
चुनाव आयोग तब और अब
टीएन शेषन चुनाव आयोग के हक और स्वायत्तता की लड़ाई खुद लड़ा करते थे, उनके खिलाफ सत्ताधारी टिड्डियों की तरह टूट नहीं पड़ते थे, लेकिन आज जब भी ईवीएम या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर राजनीतिक सवाल उठते हैं, तो उनके बचाव में भाजपा सार्वजनिक रूप से पूरी ताकत के साथ उतरती है। हालिया विवाद में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आयोग के भीतर मचे घमासान को ‘जीवंत लोकतंत्र’ का संकेत बताया और विपक्ष के आरोपों को बदनाम करने की कोशिश करार दिया। वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने भी उनके सुर में सुर मिलाया है। यहां मिलीभगत का निष्कर्ष निकालने के लिए किसी गोपनीय दस्तावेज की भी जरूरत नहीं है। प्रत्यक्ष किम् प्रमाणम्! लोकतंत्र में क्रोनोलॉजी ही पर्याप्त होती है।
सवाल चुनाव जीतने का नहीं, भरोसे का
भाजपा और विपक्ष के बीच चुनाव आयोग को लेकर टकराव नया नहीं। ऐसे में सवाल यह नहीं है कि अगला चुनाव कौन जीतेगा। चिंता यह है कि हारने वाले के साथ देश का मतदाता भी परिणाम को निष्पक्ष प्रक्रिया का परिणाम मानेगा या नहीं। चुनाव आयोग की सबसे बड़ी पूंजी संवैधानिक अधिकार नहीं, जनता का विश्वास है। और यह विश्वास सत्ता की गोद में बैठने या किसी प्रेस विज्ञप्ति से नहीं बनता। शेषन के समय सवाल था कि चुनाव आयोग सरकार का है या देश का। आज वही सवाल अधिक कठोर रूप में लौट आया है। लोकतंत्र में किसी संवैधानिक संस्था की सबसे बड़ी परीक्षा यही है कि सत्ता बदलने पर भी उसकी नीयत और सत्यनिष्ठा पर संदेह न हो। वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त के सामने आज सरकार से स्वतंत्र खड़े दिखाई देने की सबसे बड़ी चुन्नौती है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार, कवि राष्ट्रीय नीति एवं भू-राजनीतिक विषयों पर नियमित रूप से लिखते हैं।)

अन्य समाचार