भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार आम्रपाली दुबे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक भावुक खुलासा है। रियलिटी शो `भोजपुरी बवाल’ के प्रोमो में आम्रपाली देवी मां के मंदिर में भावुक होकर कहती नजर आती हैं कि वे मां बनना चाहती हैं। यह बात सुनते ही उनका परिवार भी कुछ पल के लिए सन्न रह जाता है। पिता समेत घर के सभी सदस्य हैरानी से उनकी ओर देखते हैं और पूछते हैं कि क्या वे अपने फैसले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। इस पर एक्ट्रेस आत्मविश्वास के साथ `हां’ तो कहती हैं, लेकिन उनकी आंखें नम हो जाती हैं। प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कई लोग कयास लगा रहे हैं कि आम्रपाली बिना शादी के मां बनने का फैसला कर सकती हैं, जबकि कुछ फैंस उनके इस बड़े एलान के पीछे की सच्चाई जानने के लिए उत्सुक हैं। हालांकि, प्रोमो में यह साफ नहीं किया गया है कि वो शादी के बाद मां बनेंगी, बच्चा गोद लेंगी या किसी अन्य विकल्प का सहारा लेंगी।
