– १४ वर्षीय बंटी की चाकू मारकर हत्या
– सिरफिरे का ताबड़तोड़ हमला, कई लोग घायल
सामना संवाददाता / मुंबई
मालवणी में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को पानी को लेकर हुए विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि एक १४ वर्षीय बच्चे की जान चली गई। मालवणी के गेट नंबर-६ स्थित रोड नंबर-६ के आसपास रिजवान कुरैशी नामक युवक ने चाकू से बंटी खान पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बंटी की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने भागते समय रास्ते में कई अन्य लोगों पर भी चाकू से वार किए। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पानी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी रिजवान ने बंटी खान पर चाकू से हमला किया। अचानक हुए इस खूनी हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी को पकड़ने के लिए स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में मालवणी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मालवणी पुलिस की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सनकी प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। पानी को लेकर हुए विवाद के बाद उसने हमला किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर मालवणी में तीन लोगों की हत्या की अफवाह तेजी से पैâल गई। हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस घटना में एक व्यक्ति की मौत और चार लोग घायल हुए हैं। तीन हत्याओं की बात गलत है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
