बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों में शुमार दीपिका पादुकोण भी कभी एक्टिंग सीखने के लिए क्लास की चौखट पर खड़ी थीं। लेकिन वहां उन्हें ग्लैमर नहीं, बल्कि झाड़ू लगाकर हुनर साबित करना पड़ा था! अनुपम खेर ने गोवा में एक फिल्म समारोह के दौरान दीपिका के पुराने दिनों का दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि ‘ओम शांति ओम’ से पहले दीपिका उनके एक्टिंग स्कूल में तीन महीने का कोर्स कर रही थीं। मॉडलिंग की दुनिया से आईं दीपिका हर काम बेहद सलीके और नफासत से करती थीं। यही बात अनुपम को खटक गई। उन्होंने दीपिका को नौकरानी का किरदार देकर फर्श पर झाड़ू लगाने को कहा। दीपिका ने झाड़ू तो लगाई, लेकिन अनुपम संतुष्ट नहीं हुए। घर में काम करने वाली महिला से भी झाडू लगवाई और फिर दीपिका को दोबारा अभ्यास कराया। यह सब करते हुए दीपिका की आंखों में आंसू तक आ गए। हालांकि, बाद में उन्होंने अनुपम को धन्यवाद दिया।
