-एम एम एस
चित्रकूट। यहां फिल्मी सितारों के नाम सुनकर ऑटोग्राफ मांगने मत पहुंच जाइएगा! मंदाकिनी तट पर लगे गधा मेले में अमिताभ और शाहरुख जैसे नाम पशुओं को दिए गए हैं। नौ नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘चंकी पांडेय’ नाम का एक गधा ७२ हजार रुपये में बिका। अलग-अलग राज्यों से आए व्यापारी अपने पशुओं की पहचान और खरीदारों का ध्यान खींचने के लिए चर्चित नाम रखते हैं। दीपावली के आसपास लगने वाले इस पारंपरिक मेले में गधों और खच्चरों की खरीद-बिक्री होती है। खरीदार नाम के साथ पशु की कद-काठी और काम करने की क्षमता भी परखते हैं। यानी यहां फिल्मी नाम आकर्षण जरूर बढ़ाते हैं, लेकिन सौदा मेहनत की ताकत देखकर होता है। पर्दे के सितारों से दूर, बोझ ढोने वाले इन ‘सितारों’ का अपना बाजार है!
लैपटॉप मंगाया, डिब्बे से निकला ई-कचरा!
भोपाल। ऑनलाइन खरीदारी में महंगा लैपटॉप घर आने की खुशी डिब्बा खुलते ही शिकायत में बदल गई। भोपाल के रौनक बरोज ने मई २०२३ में अमेजन से १,२९,९९० रुपये का सैमसंग लैपटॉप खरीदा था। उपभोक्ता आयोग में उनकी शिकायत थी कि पैकेट में लैपटॉप की जगह इलेक्ट्रॉनिक कचरा मिला। मामला कानूनी लड़ाई तक पहुंचा। हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, आयोग ने रकम लौटाने और २५ हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल ओटीपी के आधार पर डिलिवरी की पुष्टि होने से यह साबित नहीं होता कि सही लैपटॉप उपभोक्ता को मिला था। मामला पुरानी खरीद का है, जिसकी सुनवाई के नतीजे की खबर अब आई है। ग्राहक कंप्यूटर चलाने की तैयारी में था, लेकिन उसे पहले शिकायत और मुकदमे की फाइल चलानी पड़ी!
देश करता रहा इंतजार,
सेमरा में पहले आ गई दिवाली!
धमतरी। त्योहार मनाने के लिए हर जगह एक जैसा कैलेंडर नहीं चलता। भखारा तहसील के सेमरा गांव में स्थानीय परंपरा के अनुसार दिवाली देश के दूसरे हिस्सों से पहले मनाई जाती है। इस साल तीन नवंबर को महालक्ष्मी पूजन और गौरा जागरण तथा चार नवंबर को गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम रखा गया था। ग्रामीण इस रिवाज को ग्राम देवता सिरदार देव से जुड़ी मान्यता बताते हैं। गांव में होली, हरेली और पोला भी सामान्य तारीख से पहले मनाने की परंपरा है। हालांकि, धनतेरस और नरक चतुर्दशी बाकी स्थानों के साथ मनाई जाती हैं। लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजन का हिस्सा रहीं। ग्रामीणों के लिए यह पूर्वजों की विरासत है। यहां त्योहार की तारीख पूछें तो पंचांग के साथ गांव की परंपरा भी समझनी पड़ेगी!
थाना पास में, फिर भी दानपेटियों पर हाथ साफ!
कोरबा। पुलिस थाने के पास होना भी मंदिर की दानपेटियों को चोरों से नहीं बचा सका। कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में चोरी के बाद सुरक्षा और रात्रि गश्त पर सवाल उठे हैं। चार नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, चोर रात में ताला तोड़कर भीतर घुसे और दानपेटियों को निशाना बनाया। पुजारी सौरभ मिश्रा सुबह करीब साढ़े पांच बजे पहुंचे तो गेट खुला और सामान बिखरा मिला। उन्होंने दानपेटियों में लगभग ५० से ६० हजार रुपये होने का अनुमान जताया। यह रकम अभी अनुमान है। मंदिर में सीसीटीवी वैâमरे नहीं होने के कारण पुलिस आस-पास की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारी ने शिकायत पर कार्रवाई और आरोपियों की तलाश की जानकारी दी। फिलहाल, थाने के पड़ोस में हुई चोरी ने निगरानी व्यवस्था की परीक्षा ले ली है!
दिवाली पर इंदौर में खूनी खेल!
पति ने पत्नी की हत्या कर खुद लगाई फांसी
इंदौर। राऊ थाना क्षेत्र की साईं विहार कॉलोनी में दिवाली के दिन दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने चाकू से पत्नी का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय दंपति के १४ साल के बेटे और ७ साल की बेटी को खेलने के लिए गार्डन भेज दिया गया था। वहीं जब बच्चे घर लौटे तो मां का शव कमरे में पड़ा था, जबकि पिता फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी पैâल गई।
दो महीने के मासूम समेत ६ लोग जिंदा जले!
कटनी। दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी और खुशियों के पर्व में डूबा था, तब कटनी जिले के बरही में एक ऐसा अग्निकांड हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया. रात करीब १२ बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में ७७ वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (७४), बहू पूनम, नातिन आर्या (१४), अन्वी (६) और महज दो माह के मासूम सहित परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। रातभर आग की लपटों से घिरी इमारत के भीतर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे परिवार को बचाने की कोशिशें चलती रहीं, लेकिन दमकल व्यवस्था की बदहाली और राहत कार्य में हुई देरी के बीच छह अनमोल जिंदगियां हमेशा के लिए खामोश हो गर्इं।
विमान पकड़ने निकले,
पहले जाम की परीक्षा देनी पड़ी!
बंगलुरु। शाम सवा आठ बजे की उड़ान और दोपहर से हवाई अड्डे पहुंचने की तैयारी, फिर भी आखिरी समय तक धड़कनें तेज! मॉर्गन स्टैनली के अधिकारी डेविड वाइनस्टीन ने बंगलुरु के यातायात में फंसने का अनुभव साझा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यालय से निकलने की योजना साढ़े तीन बजे की थी, लेकिन देरी होती गई। परिसर से बाहर आने में ही करीब चालीस मिनट लगे। रास्ते में वह बार-बार गूगल मैप देखते और पहुंचने का अनुमान बदलता पाते रहे। करीब चार घंटे की जद्दोजहद के बाद उनका समूह उड़ान से लगभग ४५ मिनट पहले हवाई अड्डे पहुंचा। सुरक्षा जांच पार कर विमान में बैठे तो दूसरे यात्रियों का इंतजार करना पड़ा। यानी सड़क पर भाग-दौड़ पूरी हुई, लेकिन विमान में बैठते ही इंतजार की दूसरी पारी शुरू हो गई!
दिवाली की रात ‘इंगोरिया युद्ध’,
परंपरा देखने जुटे लोग!
अमरेली। गुजरात के सावरकुंडला में दिवाली की रात रोशनी के साथ एक अनोखी स्थानीय परंपरा भी आकर्षण बनी। रिपोर्ट के मुताबिक, यहां ‘इंगोरिया युद्ध’ खेला गया, जिसमें प्रतिभागी जलते इंगोरिया एक-दूसरे की ओर फेंकते हैं। स्थानीय लोग इस परंपरा को लगभग डेढ़ सौ साल पुराना बताते हैं। देवला गेट से नावली नदी तक के इलाके में इसे देखने लोग पहुंचते हैं। आयोजन में हिंदू और मुस्लिम समुदायों के युवा मिलकर भाग लेते हैं। पहले इंगोरिया नामक फल को सुखाकर इस्तेमाल किया जाता था। अब उसकी उपलब्धता घटने के कारण गत्ते से बने ‘कोकड़ा’ का प्रयोग भी बढ़ा है। स्थानीय कारीगर इसकी तैयारी पहले से करते हैं। सामान्य आतिशबाजी से अलग यह आयोजन सावरकुंडला की सांस्कृतिक पहचान बना हुआ है, हालांकि जलती सामग्री के कारण इसमें जोखिम भी रहता है।
