-बांद्रा में तेज रफ्तार का कहर!
-शराब के नशे में थी महिला आरोपी
-फांसी होने पर ही मिलेगा इंसाफ
-फोन पर बात कर रही थी महिला परिजनों ने आरोप लगाया कि स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल चला रही महिला शराब के नशे में थी और घटना के समय फोन पर बात कर रही थी। परिवार के रिश्तेदारों ने यह भी दावा किया कि अंश सड़क के किनारे चल रहा था, और कार ने उसे टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।
सामना संवाददाता / मुंबई
बांद्रा-पश्चिम में रविवार दोपहर तेज रफ्तार और मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चलाने की लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। ८ साल के मासूम अंश गुप्ता की कार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अंश गुप्ता बांद्रा वेस्ट के कदेश्वरी नगर का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, हादसा जॉन बैपटिस्ट रोड पर जीजामाता उद्यान के सामने दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। अंश अपने घर के पास ही खेलकर लौट रहा था और सड़क पार कर रहा था, तभी बांद्रा की रहने वाली ४५ वर्षीय महिला मेघा रावल की तेज रफ्तार इनोवा क्रिस्टा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि महिला कार चलाते समय मोबाइल फोन पर बात कर रही थी, जिसके कारण उसका ध्यान भटक गया। टक्कर के बाद कार बच्चे के ऊपर से गुजर गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बांद्रा पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल अंश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा १०५, २८१, १२५ और मोटर वाहन अधिनियम की धारा १८४ के तहत मामला दर्ज किया है।
मृत्युदंड ही इंसाफ होगा
अंश की मां ने कहा कि परिवार किराए के घर में रहता है और उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई को सबसे पहले रखा है। उन्होंने कहा, ‘मैं उसे माफी नहीं दिलाना चाहती, मुझे बस इंसाफ चाहिए। यह सिर्फ उसे मृत्युदंड देकर ही मुमकिन है, यही एकमात्र इंसाफ है जो हम चाहते हैं।’
