मुख्यपृष्ठस्तंभफडणवीस के गढ़ में महिलाएं असुरक्षित!

फडणवीस के गढ़ में महिलाएं असुरक्षित!

-बलात्कार के मामलों में २२ प्रतिशत, अपहरण में ५८ प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी

सुनील ओसवाल

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह नगर नागपुर में ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के आंकड़े शहर की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। राज्य की सत्ता की कमान संभालने वाले मुख्यमंत्री के अपने ही गढ़ में महिलाओं के खिलाफ अपराधों का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब नागपुर में ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो प्रदेश के दूसरे शहरों में उनकी सुरक्षा की क्या स्थिति होगी? सितंबर २०२५ से सितंबर २०२६ तक के तुलनात्मक आंकड़े चौंकाने वाले हैं। शहर में बलात्कार के मामले १५९ से बढ़कर १९४ हो गए हैं। यानी एक वर्ष में २२ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इससे भी अधिक चिंताजनक स्थिति महिलाओं के अपहरण के मामलों की है। पिछले वर्ष दर्ज ३९८ मामलों की संख्या बढ़कर इस वर्ष ६३० तक पहुंच गई। यानी अपहरण की घटनाओं में सीधे ५८ प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इनमें नाबालिग लड़कियों के अपहरण और उन्हें बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले भी शामिल हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय सामने आई है, जब राज्य के गृह विभाग की जिम्मेदारी स्वयं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास है और नागपुर को उनका राजनीतिक गढ़ भी माना जाता है। इसके बावजूद शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब पुलिस प्रशासन और गृह विभाग को देना होगा।
पुलिस प्रशासन की ओर से ‘दामिनी’ और निर्भया दस्ते के गठन, गश्त बढ़ाने तथा संवेदनशील इलाकों में निगरानी जैसे कदम उठाने की बात कही जा रही है। लेकिन इन तमाम उपायों के बावजूद अपराधों का बढ़ता ग्राफ पुलिस की रणनीति और उसकी प्रभावशीलता की समीक्षा की जरूरत बताता है।

अन्य समाचार