मुख्यपृष्ठनए समाचारवाराणसी एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी स्क्रीनिंग के दौरान मिले 0.32 बोर के कारतूस...मची...

वाराणसी एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी स्क्रीनिंग के दौरान मिले 0.32 बोर के कारतूस…मची हड़कंप

उमेश गुप्ता / वाराणसी

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को मुंबई जाने वाले एक विमान यात्री के बैग से सात कारतूस बरामद होने से हड़कंप मच गया। सिक्योरिटी स्क्रीनिंग के दौरान कारतूस मिलने पर सीआईएसएफ जवानों ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण निवासी लक्ष्मीकांत उपाध्याय एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-1810 से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। टर्मिनल भवन में प्रवेश के बाद उन्होंने एयरलाइन काउंटर से बोर्डिंग पास लिया। इसके बाद बैग की सुरक्षा जांच के दौरान उसमें 0.32 बोर के सात कारतूस पाए गए।
कारतूस मिलने की सूचना पर सुरक्षा कर्मियों ने यात्री को रोककर उसके बैग की दोबारा जांच की। पूछताछ में यात्री ने बताया कि वह शस्त्र लाइसेंस धारक है और निजी कार्य से कुछ दिन पहले वाराणसी आया था। बुधवार को वह वापस मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था।
कारतूस बरामद होने के बाद उसकी निर्धारित विमान यात्रा रद्द कर दी गई। कारतूसों को जब्त कर लिया गया। बाद में यात्री अकासा एयर की दूसरी उड़ान से मुंबई रवाना हुआ।
बाबतपुर चौकी प्रभारी विजय कुशवाहा ने बताया कि यात्री से भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का लिखित आश्वासन लिया गया, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।

अन्य समाचार