राजेश सरकार / प्रयागराज
स्वतंत्रता दिवस से पूर्व बुधवार को संगम नगरी में कई जगहों पर भव्य तिरंगा यात्रा निकली। यमुनापार में भी जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकाली गई। नैनी-मिर्जापुर राजमार्ग पर शाम को निकल गई तिरंगा यात्रा काफी लंबी रही। भारतीय जनता पार्टी नैनी मंडल के तत्वावधान में मंडल अध्यक्ष रजत दुबे के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। पार्टी कार्यालय से शुरू हुई यात्रा मेवालाल की बगिया, नैनी स्टेशन, नैनी बाजार और शंकरढाल होते हुए मेवालाल की बगिया पहुंचकर सभा में बदल गई।
यात्रा में मुख्य अतिथि भाजपा उत्तर प्रदेश के मंत्री राहुल वाल्मीकि रहे। विशिष्ट अतिथि पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने भी सहभागिता की। तिरंगा हाथों में लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
तिरंगा यात्रा का नैनी बाजार समेत विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह लोगों में यात्रा को लेकर उत्साह दिखाई दिया। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता नरसिंह ने किया। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी शामिल रहे।
